
सूरत.
सूरत रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय के नजदीक शनिवार देर रात हुए गैंगवार के मामले में रेलवे एलसीबी अलग-अलग ठिकानों से सात-आठ जनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक सलीम या उसके साथी की कोई खबर नहीं मिली है। गैंगवार की रिपोर्ट दर्ज करवाने वाले के भाई को एलसीबी ने सोमवार रात एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सूरत स्टेशन के पार्सल कार्यालय से कुछ दूर शनिवार रात बुटलेगर बरकत अली इनायत खान पठान और ट्रेक के दूसरी तरफ धंधा करने वाले दूसरे बुटलेगर सलीम के बीच गैंगवार में कालू नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में सूरत रेलवे पुलिस निरीक्षक एम. एस. बोदर की बदली की जा चुकी है। रेलवे एलसीबी और एसओजी की टीम सलीम तथा उसके साथियों की खोज में अलग-अलग ठिकानों पर छापे की कार्रवाई में जुटी है। सूरत रेलवे पुलिस इंचार्ज उप निरीक्षक एम.आर. मलेक ने बताया कि गैंगवार के आरोपियों की सरगर्मी से खोज की जा रही है। एलसीबी उप निरीक्षक एम.एम. तलाटी ने मंगलवार को अमरोली कोसाड, सुमुल डेयरी रोड काली बस्ती, अशोकनगर और गोठान क्षेत्र से सात-आठ जनों को हिरासत में लिया है। इन लोगों से पूछताछ कर सलीम की जानकारी जुटाई जा रही है। सलीम के वापी में होने की आशंका पर एलसीबी की एक टीम वहां जांच कर रही है। सलीम के मोबाइल को सर्वेलेंस पर रखा गया है। उसका अंतिम लोकेशन सूरत में ही दिखाई दिया था। पुलिस ने उन ठिकानों पर एक से अधिक बार दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
पुराने मामले में वल्ली उल्ला गिरफ्तार
सूरत स्टेशन के पार्सल कार्यालय के पास शराब बेचने वाले वल्ली उल्ला के अड्डे पर गांधीनगर विजिलेंस ने 6 जनवरी को छापे की कार्रवाई की थी। यहां से करीब तीस हजार रुपए की शराब बरामद हुई थी। नकद और मोबाइल समेत 41 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया था। वल्ली उल्ला को वांटेड घोषित किया गया था। बढ़ते दवाब को लेकर रेलवे पुलिस ने सोमवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
मुम्बई आरपीएफ टीम पहुंची
सूरत रेलवे सुरक्षा बल के एएससी राकेश पांडेय के छुट्टी पर होने के कारण उनकी जगह विरार के एएससी ईश्वर सिंह यादव ने गैंगवार के घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा मुम्बई चर्चगेट से लोकल इंटेलिजेंस ब्रांच के सीनियर पीआई सुभाष राजभर ने मंगलवार को सूरत रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक जगदीश जाट से पूरी घटना की जानकारी ली।
गश्त बढ़ाई
ट्रेक पर पिछले दिनों बेंच रखने की घटना के बाद सुमुल डेयरी रोड पर समाजकंटकों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। पार्सल कार्यालय के पास गैंगवार की कोई जानकारी नहीं है। इस तरह के अपराध में स्टेट रेलवे पुलिस जांच करती है। सूरत से घटना के बारे में जानकारी लेकर जांच की जाएगी।
मुकुल जैन, डीआरएम, मुम्बई मंडल, पश्चिम रेलवे
Published on:
06 Feb 2018 09:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
