कोसंबा के भाटकोल गांव में आसिफ मलेक और गुलाम खान पठान के गुटों के बीच 26 अप्रेल, 2011 में हिंसक भिडं़त हुई थी। इसमें पठान ग्रुप के बाबू खान पठान की मौत हो गई थी और तीन जने घायल हो गए थे। मलेक ग्रुप के भी तीन सदस्य गंभीर रुपए से जख्मी हुए थे। कोसंबा पुलिस ने मलेक गुट के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और मारपीट तथा पठान गुट के खिलाफ हत्या की कोशिश और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। चार्जशीट पेश होने के बाद मामले की सुनवाई सेशन कोर्ट में चल रही थी। सुनवाई के दौरान लोकअभियोजक नयन सुखड़वाला और रिंकू पारेख आरोपों को साबित करने में सफल रहे। मंगलवार को अंतिम सुनवाई के बाद अतिरिक्त सेशन जज कु.ममता पटेल ने मलेक गुट के छह अभियुक्तों को हत्या के लिए दोषी मानते हुए आजीवन कारावास तथा अन्य अभियुक्तों को दस, पांच और तीन साल की कैद की सजा सुनाई। पठान गुट के चार अभियुक्तों को दस-दस साल तथा अन्य चार को तीन-तीन साल की कैद की सजा सुनाई गई।