
रखने की जगह नहीं, पशुओं को पकडऩा जारी
सूरत. पशुओं को रखने से पांजरा पोल के इनकार के बावजूद मनपा प्रशासन सड़क पर पशुओं को पकडऩे का अभियान जारी रखे हुए है। सोमवार को मनपा टीम ने स्टेट रिजर्व पुलिस सुरक्षा के बीच 116 पशुओं को पकडऩे की कार्रवाई की। इन्हें पहले ही छोटे पड़ रहे ढोर डब्बा में रखा गया है।
सड़क पर आवारा घूम रहे पशुओं को पकड़कर मनपा प्रशासन ढोर डब्बा में रखता है। पशु मालिक जुर्माना चुकाकर पशुओं को छुड़ा ले जाते हैं। जिन पशुओं की खैर-खबर लेने कोई नहीं आता, उन्हें तय मियाद के बाद मनपा प्रशासन पांजरा पोल भेजता रहा है। पिछले दिनों पांजरा पोल ने क्षमता से अधिक पशुओं के होने की बात कह नए पशुओं को लेना बंद कर दिया था। इसके बाद पशुओं को मनपा के ढोर डब्बा में रखा जा रहा है। यहां भी क्षमता से अधिक पशु हो गए हैं, जिससे अव्यवस्था का माहौल है।
पिछले दिनों हुई पशुओं की मौत के बाद मामला गरमा गया था और उप महापौर नीरव शाह तथा मार्केट सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रफुल्ल मेहता को मौके पर जाकर मुआयना करना पड़ा था। उसके बाद मनपा प्रशासन पशुओं को अन्यत्र पांजरा पोल में भेजने के प्रयास कर रहा है। मनपा ने कनसाण पांजरा पोल प्रशासन से भी इस संबंध में बात की है। बताया जा रहा है कि वहां भी क्षमता से अधिक पशु हैं। ऐसे में नए पशुओं को लेना शायद संभव नहीं हो। मनपा प्रशासन अन्य विकल्प भी तलाश रहा है।
इसी बीच, मनपा प्रशासन का सड़कों पर आवारा फिर रहे पशुओं को पकडऩे का अभियान जारी है। पशुओं को पकडऩे गई मनपा टीम को कई बार पशु पालकों के हिंसक विरोध का भी सामना करना पड़ता है। ऐसी हालत से बचने के लिए मनपा टीम ने सोमवार को अभियान शुरू करने से पहले ही पुलिस सुरक्षा ले ली। स्टेट रिजर्व पुलिस की टीम के साथ दिनभर अभियान चलाकर मनपा टीम ने 116 पशुओं को पकड़ा।
यहां हुई धरपकड़
मनपा टीम ने कतारगाम, बापा सीताराम रोड, ललिता चौकड़ी, सेंट्रल जोन-धास्तीपुरा, भटार रोड, उमरा वेसू, डूमस, पाल रोड, वेड-डभोली रोड, सिंगणपोर रोड, भक्तिनगर, एके रोड, वराछा रोड, लिंबायत, उधना, पांडेसरा, पूणा और कापोद्रा क्षेत्र में अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ा। इन पशुओं को ढोर डब्बा में रखा गया है। मनपा की कार्रवाई से इन क्षेत्रों में सड़क पर घूम रहे पशुओं की समस्या से लोगों को राहत मिली है।
Published on:
20 Aug 2018 09:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
