
दस प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
सूरत. मनपा के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को अभियान चलाकर शहरभर में 10 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ के नमूने लिए। त्योहार नजदीक आने पर स्वास्थ्य टीम की खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की सक्रियता बढ़ जाती है। इन दिनों राज्य सरकार के अभियान के कारण हेल्थ टीम अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। रक्षा बंधन पर्व नजदीक आने के साथ ही हेल्थ टीम ने मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य विके्रताओं के यहां नमूने लेने शुरू कर दिए हैं।
सोमवार को शहर में जगह-जगह कार्रवाई कर 10 दुकानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए गए। मनपा की यह कार्रवाई दिनभर शहर में चर्चा का विषय रही। लोगों ने इस कार्रवाई को महज दिखावा बताते हुए कहा कि त्योहार में दस दिन भी शेष नहीं बचे। मनपा की रिपोर्ट जब तक आएगी, त्योहार की खरीद हो चुकी होगी। ऐसे में नमूनों की रिपोर्ट का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। लोगों ने मनपा की इन रिपोर्टों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकांश मामलों में रिपोर्ट अनुकूल ही आती है, जबकि मिठाइयां बनने की तैयारी काफी पहले से शुरू हो जाती है।
मनपा को 35 लाख का फटका
हार्दिक पटेल की गिरफ्तारी के बाद वराछा में हुई हिंसा से मनपा प्रशासन को 35 लाख रुपए का फटका लगा है। मनपा ने सोमवार को वराछा क्षेत्र में चल रहे तीन बीआरटीएस रूट्स को पूरी तरह बंद कर दिया, जबकि तीन रूट्स को मॉडिफाइ करते हुए प्रभावित क्षेत्र से पहले ही बसों का संचालन रोक दिया। हार्दिक पटेल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को वराछा में लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। रात होते-होते प्रदर्शन हिंसक हो गया और लोगों ने मनपा की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। आंदोलनकारियों ने एक बीआरटीएस बस को फूंक दिया और स्टॉपेज स्टेशन पर लगे कांच तथा अन्य सामान के साथ तोडफ़ोड़ की। वराछा में प्रभावित क्षेत्र के आसपास से बीआरटीएस के अलग-अलग छह रूट्स संचालित हो रहे हैं। मनपा प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए सोमवार सुबह तीन रूट्स पर बीआरटीएस बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया। अन्य तीन रूट्स को मॉडिफाई करते हुए बसों को प्रभावित क्षेत्र से पहले के स्टॉपेज पर ही रोक कर उनका संचालन किया गया। गौरतलब है कि पहले भी जब शहर में पाटीदार आंदोलन भड़का था, आंदोलनकारियों ने जगह-जगह मनपा की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। मनपा की कई बसों को नुकसान पहुंचा था। भीड़ ने बस स्टेशनों पर तोडफ़ोड़ कर मनपा की संपत्ति को तहस-नहस किया था।

Published on:
21 Aug 2018 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
