
गरबा खेलने के बाद घर के लिए वाहन न मिले तो १०० नम्बर पर फोन करे
सूरत. नवरात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहर पुलिस विशेष इंतजाम किए है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में रात्रि गश्त पर लगाया गया है। इसके लिए आयोजन स्थल पर छेड़छाड़ को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही आपात स्थिती में महिलाओं को घर छोडऩे की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस आयुक्त सतीष शर्मा ने बताया कि नवरात्र के लिए भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जितने भी बड़े गरबा आयोजक हैं। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा नवरात्र के दौरान गश्त भी बढ़ाई गई है। नवरात्र के दौरान यातायात व्यवस्था भी की गई है। महिलाओं और युवतियों को गरबा आयोजनों में जाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के लिए सोशल मीडिया पर गाइडलाइन जारी की गई है।
उसमें मोबाइल लोकेशन ऑन रखने, अनजान लोगों से दूर रहने, परिजनों को बताकर जाने व परिजनों को अपने अलावा मित्रों और परिचितों के मोबाइल नम्बर देने आदि के बारे में बताया गया है। रात में घर लौटते वक्त आपात परिस्थितियों में वाहन न मिले तो अनजान लोगों से लिफ्ट नहीं लेने की हिदायत दी गई है। सुरक्षित घर लौटने के लिए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से १०० नम्बर पर या फिर महिला हेल्पलाइन के नम्बर पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। फोन करने पर महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था पुलिस द्वारा की जायेगी।
खेलैया के भेष में निगरानी रखेगी महिला पुलिसकर्मी
सूरत में नवरात्रि महोत्सव बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। शेरी गरबा के साथ ही कई व्यवासायिक आयोजन भी होते है। इस साल भी शहर कई जगह व्यवसायिक आयोजन होने जा रहे है। ऐसे में कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे इसलिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। पुलिस आयुक्त की ओर से इसे लेकर अधिकारियों के साथ हाल ही में बैठक का आयोजन किया गया था और नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई थी।
विशेष तौर पर बड़े आयोजन में महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं होती है, तब इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए और इस बार महिला पुलिसकर्मियों को खेलैयाओं के बीच तैनात किया जाएगा। इनमें से कुछ महिलाकर्मी खेलैयाओं के भेष में होगी। इसके अलावा पुलिस आयुक्त की ओर से सभी थाना निरीक्षकों को नवरात्रि के दौरान अनिवार्य रूप से रात्रि गश्त लगाने का भी आदेश दिया गया है।
थाना प्रभारी रहेंगे रात्रि गश्त पर
सूरत. नवरात्रि महोत्सव के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बिगडऩे ही और महिला संबंधी अपराधों को रोकने ले लिए इस बार शहर पुलिस की ओर से विशेष आयोजन किया गया है। सभी थाना निरीक्षकों भी अनिवार्य रूप से रात्रि गश्त लगानी होगी।
Updated on:
11 Oct 2018 02:23 pm
Published on:
11 Oct 2018 02:23 pm
