
पे एण्ड पार्क में मिले नौ लाख ज्यादा
सूरत. मनपा प्रशासन लिंबायत जोन के आंजणा में आंजणा रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे पे एण्ड पार्क का ठेका देने जा रहा है। इसके लिए मनपा प्रशासन ने टेंडर प्रस्ताव मंगाए थे। इस बार नौ लाख रुपए अधिक का प्रस्ताव मनपा को मिला है। टेंडर स्क्रूटनी कमेटी (टीएससी) की बैठक में इसे हरी झंडी दी गई।
बीते वर्ष यह ठेका मनपा ने 13.32 लाख रुपए में दिया था, इस बार इसके लिए मनपा को 22.13 लाख रुपए का प्रस्ताव मिला है। यानी मनपा को इस ब्रिज पर गत वर्ष की अपेक्षा इस बार करीब नौ लाख रुपए अधिक का फायदा होगा। टीएससी की बुधवार को हुई बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। बैठक में चर्चा के बाद मनपा मुख्यालय की बाहरी दीवारों पर रंगरोगन के लिए 13.5 लाख रुपए के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा पनास बीआरटीएस से बे्रडलाइनर सर्कल होते हुए सोहम सर्कल तक कैनाल रूट पर रास्ते के दोनों तरफ सीमेंट कंक्रीट और ब्यूटिमिनस रोड के लिए मनपा प्रशासन ने प्रस्ताव मंगाए थे। ठेकेदार फर्म ने इस काम के लिए 32.05 लाख रुपए का प्रस्ताव दिया था। आयुक्त एम थेन्नारसन ने प्रस्ताव की रकम को 26.05 लाख रुपए तक लाने की बात कहते हुए संबंधित विभागीय अधिकारी को ठेकेदार से रिवाइज्ड ऑफर मंगाने की हिदायत दी। आयुक्त के इस निर्णय से साफ है कि यदि ठेकेदार इस दर पर काम करने को तैयार नहीं होता है तो इसे रिइन्वाइट किया जा सकता है। बैठक में एजेंडे में शामिल अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा के बाद निर्णय किए गए।
सेन्ट फ्रान्सिस स्कूल के विद्यार्थियों ने समझी जल वितरण व्यवस्था
वापी. चला स्थित सेन्ट फ्रान्सिस स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को वापी नपा द्वारा संचालित टांकी फलिया के पानी फिल्टरेशन प्लांट पहुंचकर जल वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की। बताया गया है कि जेसीआई सप्ताह के तहत जेसीआई और सेन्ट फ्रान्सिस स्कूल की ओर से विद्यार्थियों को फिल्टरेशन प्लांट ले जाया गया। इस दौरान नगरपालिका हाइड्रोलिक इंजीनियर संजय झा ने दमण गंगा नदी से यहां पानी लाने और उसके शुद्ध करने तक की जानकारी छात्रों को दी गई। यहां से रोजाना पानी नगरपालिका के विभिन्न विस्तारों में किस तरह पहुंचाया जाता है। इस संबंध में भी विद्यार्थियों को बताया गया। इस मौके पर स्कूल के करीब 250 विद्यार्थियों के अलावा जेसीआई के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
Published on:
12 Sep 2018, 9:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.