
Tulsi tour with Sreesya Tune
सूरत।फाल्गुन मास के उपलक्ष में शुक्रवार से आयोजित श्रीश्याम कथा की शुरुआत में गुरुवार दोपहर बाद परवत पाटिया क्षेत्र में श्रीश्याम धुन के साथ निशान तुलसी यात्रा निकाली गई। परवत पाटिया में मॉडलटाउन के पीछे प्रांगण में तीन दिवसीय श्रीश्याम कथा का आयोजन शुक्रवार से किया जाएगा। गुरुवार दोपहर डुंभाल बालाजी मंदिर प्रांगण से निशान तुलसी यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान बैंड-बाजे और डीजे पर श्रीश्याम धुन गूंजती रही।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं हाथ में तुलसी पात्र लेकर शामिल हुईं। कथावाचक मनुश्री महाराज बग्गी पर सवार थे। यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर कथा स्थली पहुंची। यहां व्यासपीठ से मनुश्री महाराज ने श्रीश्याम कथा आयोजन के बारे में जानकारी दी। कथा के पोथी यजमान कन्हैयालाल शर्मा ने सपत्नीक श्रीश्याम कथा की पोथी के पूजन-अर्चन और आरती में भाग लिया। इस दौरान पार्षद विजय चौमाल, परीक्षित पारीक, उत्तम सांखला, हीरालाल राजपुरोहित, भीखाभाई चौधरी, अशोक खत्री, अमरचंद नौहाल, विप्र फाउंडेशन महिला इकाई की अध्यक्ष विमलेश महर्षि समेत कई महिलाएं मौजूद थीं।
प्रेम संबंध की आशंका में युवक की जान ली
डिंडोली इलाके में दो जनों ने एक लडक़ी के साथ प्रेम संबंध की आशंका में एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक डिंडोली सांई सरोवर सोसायटी निवासी भाविन पटेल और सांई दर्शन सोसायटी निवासी दिव्येश पाटिल ने बुधवार रात डिंडोली न्यू प्रियंका टाउनशिप निवासी शिवम विवेकानंद त्रिवेदी की हत्या कर दी।
इंजीनियरिंग का छात्र शिवम एक लडक़ी से बातचीत करता था, जिसकी वजह से दोनों उससे रंजिश रखे हुए थे। भाविन ने कुछ दिन पहले उस लडक़ी को अपनी प्रेमिका बताते हुए शिवम को उससे दूर रहने की धमकी दी थी। इस बारे में शिवम ने अपने पिता को बताया था।
बुधवार को उन्होंने किसी बहाने शिवम को डिंडोली तालाब के निकट एक खेत में बुलाया और वहां धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों मौके से भाग निकले। शिवम के ऑटो रिक्शा चालक पिता की प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि भाविन डीजे साउंड सिस्टम किराए पर देने का काम करता है और दिव्येश उसका सहयोगी है।
Published on:
02 Feb 2018 08:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
