3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इस दिवाली घर पर बनाएं चुकंदर और उड़द की दाल की कुरकुरी जलेबी, ठंडी रबड़ी के साथ मिलेगा लाजवाब स्वाद

जलेबी का स्वाद तो आपने कई बार चखा होगा, लेकिन चुकंदर से बनी इस खास जलेबी का रंग और अंदाज बिल्कुल अलग है। जानिए इसे घर पर बनाने का तरीका।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Adarsh Thakur

•

Updated: 1 Nov 2026, 7:57 PM IST

Beetroot Jalebi Recipe

सांकेतिक इमेजः Gemini

जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुलने लगती है। आमतौर पर आपने मैदे से बनी पीली और कुरकुरी जलेबी खाई होगी, लेकिन इस बार मिठाई में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो चुकंदर की जलेबी बना सकते हैं। चुकंदर की वजह से इसका रंग अलग और आकर्षक नजर आता है। उड़द दाल और मैदे से तैयार घोल को घी में तल कर चाशनी में डुबोया जाता है। इसके साथ ठंडी रबड़ी परोसें तो स्वाद और भी बढ़ जाता है।

चुकंदर की जलेबी बनाने के लिए सामग्री

जलेबी के लिए

  • चुकंदर - 250 ग्राम
  • मैदा - 150 ग्राम
  • सफेद उड़द दाल - 100 ग्राम
  • बेसन - 20 ग्राम
  • बेकिंग सोडा - 2 से 3 ग्राम
  • देसी घी - तलने के लिए
  • पानी - जरूरत के अनुसार

चाशनी के लिए

  • चीनी - 200 ग्राम
  • नींबू - 1
  • हरी इलायची पाउडर - 1 चुटकी
  • केसर - 2 से 3 धागे
  • पानी - जरूरत के अनुसार

रबड़ी के लिए

  • दूध - 1 लीटर
  • चीनी - 30 ग्राम
  • हरी इलायची पाउडर - स्वादानुसार
  • केसर - 3 से 4 धागे

चुकंदर की जलेबी बनाने का तरीका

1. चुकंदर की प्यूरी तैयार करें

सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। जब यह नरम हो जाए तो ठंडा करके इसका छिलका उतार लें। अब चुकंदर को छोटे टुकड़ों में काट कर मिक्सर में पीस लें। इसकी बारीक प्यूरी तैयार कर लें।

2. उड़द दाल को भिगोकर पीसें

सफेद उड़द दाल को धोकर करीब 1 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकालकर इसे मिक्सर में पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट ज्यादा पतला न हो।

3. जलेबी का घोल बनाएं

एक बड़े बर्तन में मैदा, पिसी हुई उड़द दाल, बेसन और चुकंदर की प्यूरी डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर ऐसा घोल तैयार करें, जिससे जलेबी आसानी से बनाई जा सके। घोल में गांठें नहीं रहनी चाहिए। जलेबी तलने से ठीक पहले इसमें बेकिंग सोडा मिलाएं।

4. चाशनी तैयार करें

एक पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। चीनी घुलने के बाद इसमें नींबू का रस मिलाएं। अब इलायची पाउडर और केसर के धागे डालकर चाशनी को कुछ देर पकाएं। जलेबी के लिए चाशनी न बहुत पतली हो और न ही बहुत गाढ़ी।

5. जलेबियों को आकार देकर तलें

कड़ाही में देसी घी गर्म करें। तैयार घोल को जलेबी बनाने वाले कपड़े या नोजल वाली बोतल में भरें। अब गर्म घी में गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी का आकार बनाएं। इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह तलें। जलेबियों के पकने और कुरकुरा होने पर इन्हें घी से निकाल लें।

6. जलेबियों को चाशनी में डालें

तली हुई गर्म जलेबियों को तैयार चाशनी में डालें। इन्हें कुछ देर चाशनी में रहने दें, ताकि मिठास अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए। इसके बाद जलेबियों को निकालकर प्लेट में रख दें।

घर पर ऐसे बनाएं रबड़ी

एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डाल कर धीमी आंच पर गर्म करें। दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह तली में न लगे। इसमें केसर और इलायची पाउडर डालें। दूध को पका कर गाढ़ा होने दें। अब इसमें चीनी मिलाएं और कुछ देर और पकाएं। रबड़ी तैयार होने पर इसे बर्तन में निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दें।

ठंडी रबड़ी के साथ परोसें चुकंदर की जलेबी

जब जलेबी और रबड़ी तैयार हो जाएं, तो इन्हें एक साथ परोसें। प्लेट में गर्म या सामान्य तापमान वाली चुकंदर की जलेबी रखें और साथ में ठंडी रबड़ी डालें। चाहें तो ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता भी डाल सकते हैं।

चुकंदर की वजह से जलेबी को आकर्षक रंग मिलता है, जबकि उड़द दाल से इसका स्वाद और बनावट अलग होती है। त्योहार, घर की पार्टी या किसी खास मौके पर यह मिठाई मेहमानों को परोसने के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।