
टीकमगढ़. एक बार फिर अवैध संबंध के खौफनाक अंत का मामला सामने आया है। इस बार मामला टीकमगढ़ का है जहां एक महिला ने अपने देवर व उसके एक साथी के साथ मिलकर अपने कथित प्रेमी की हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को ग्रेनाइट खदान में ले जाकर फेंक दिया था जिससे कि हत्या की वारदात को दुर्घटना का रूप दे सकें। लेकिन पुलिस ने अंधेकत्ल का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित दोनों आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
ग्रेनाइट खदान में मिली थी लाश
घटना टीकमगढ़ के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर की है जहां 13 जुलाई को पहाड़ी पर ग्रेनाइट खदान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान मुल्ला ढीमर 35 वर्ष निवासी ग्राम सतगंवा थाना लिधौरा के रूप में की थी। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसका पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुल्ला की मृत्यु का कारण गला दबाने एवं सिर में गहरी चोट होने के कारण कोमा में जाना बताया गया था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
अवैध संबंध का खौफनाक अंत
पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि मृतक मुल्ला के गांव की एक महिला से अवैध संबध थे। पुलिस ने महिला को पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या का पूरा राज खोल दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके मृतक मुल्ला से अवैध संबंध थे। लेकिन मुल्ला अब उसे परेशान करने लगा था जिससे उसका घर में भी विवाद होता था। मुल्ला से छुटकारा पाने के लिए योजना बनाई थी। उसने अपने देवर को पूरी बात बताई और भाभी की परेशानी दूर करने के लिए देवर ने अपने दोस्त को इसके लिए राजी किया। 11-12 जुलाई की रात करीब 2 बजे महिला ने मुल्ला को सरकारी स्कूल के पास बुलाया। जहां पहुंचते ही पहले से छिपे बैठे देवर व उसके दोस्त ने लाठी से उसके सिर पर वार कर दिया और फिर बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने लाश को ले जाकर ग्रेनाइट की खदान में फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Published on:
19 Jul 2022, 8:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.