विरुष्का की शादी की चर्चा के बीच एक बात जो सब भूल गए हैं, वो है सुपरस्टार रजनीकांत का बर्थडे। सुपरस्टार रजनीकांत के 67वें जन्मदिन पर मंगलवार को महानायक अमिताभ बच्चन , फिल्म निर्माता करण जौहर और अभिनेता अक्षय कुमार जैसी मशहूर हस्तियों ने उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। रजनीकांत के प्रशंसक इस खास दिन पर चेन्नई में उनके घर के बाहर एकत्रित हुए। इस साल बेशक उनकी कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई, लेकिन साल 2018 की शुरुआत ही उनकी एक बड़ी रिलीज से होने वाली है। पहले रिलीज होनी है उनकी फिल्म 2.0 और फिल्म लंबे इंतजार के बाद काला कारिकालन। रजनीकांत के जन्मदिन पर उनके दामाद, अभिनेता निर्माता धनुष ने उनकी आगामी फिल्म की दूसरी झलकी जारी की है, जिसमें अभिनेता काला चश्मा पहने दाढ़ी में नजर आ रहे हैं। इसके साथ लिखा गया,'किंग ऑफ स्टाइल, हमारे सुपरस्टार की 'काला' की दूसरी झलक। सुपरस्टार का स्वैग। हैप्पी बर्थडे थलाइवा।'