
जयपुर निवासी एडवोकेट का 36 घंटे बाद बीसलपुर बांध के जलभराव में तैरता मिला शव
राजमहल. क्षेत्र के बीसलपुर बांध स्थल पर गुरुवार शाम को घूमने के बहाने से आए जयपुर के युवक का शव शनिवार सुबह बीसलपुर टोंक- उनियारा पेयजल परियोजना के फिल्टर प्लांट के निकट बांध के जलभराव किनारे तैरता हुआ मिला, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने बीसलपुर चौकी पुलिस को दी।
बीसलपुर पुलिस चौकी के जवानों ने संसाधनों के अभाव में 5 घंटे की मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। वही मौके पर पंचनामा तैयार करने के साथ ही देवली के राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
बीसलपुर पुलिस चौकी प्रभारी भगवान सिंह ने बताया कि जयपुर के लाल बहादुर नगर थाना जवाहर सर्कल निवासी विवेक शर्मा (35) पुत्र रमेश चंद शर्मा गत गुरुवार शाम को टैक्सी किराए पर कर बीसलपुर बांध स्थल पर पहुंचा था। विवेक ने टैक्सी चालक को बांध के गेट संख्या एक पर छोडकऱ खुद गेट संख्या 2 की ओर घूमने निकल गया। लगभग 2 घंटे तक वापस नहीं पहुंचने पर टैक्सी चालक ने परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने देर शाम तक जवाहर सर्कल थाना जयपुर में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवा कर बीसलपुर में युवक की तलाश के लिए पहुंचे। जहां गुरुवार रात भर तलाश करने पर युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं शुक्रवार को फिर से बांध के किनारे, वन क्षेत्र व बनास नदी के किनारे पर युवक की तलाश की गई।
इसी प्रकार बीसलपुर टोंक-उनियारा पेयजल परियोजना के पास इंटेक पम्प हाउस पर लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज खंगाले गए तो युवक गुरुवार शाम को इंटेक पम्प हाऊस से जलभराव की ओर जाते हुए नजर आया, लेकिन युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। शनिवार सुबह बांध के जलभराव किनारे ग्रामीणों को युवक का शव तैरते हुए दिखाई दिया, जिसकी शिनाख्त जयपुर निवासी विवेक शर्मा के रूप में की गई।
घटना की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और प्रशासन से शव को बाहर निकालने की गुहार की, लेकिन प्रशासन के पास संसाधनों का अभाव होने के कारण शव को बाहर निकालने मे लगभग 5 घंटे लग गए। प्रशासन ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को जलभराव से बाहर निकलवाया। वहीं देवली के राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़ - मृतक युवक अपने पिता का इकलौता पुत्र था और जयपुर में वकालत का कार्य करता था। मृतक के ढाई वर्ष का पुत्र तनुष है। मृतक युवक की पत्नी विनीता शर्मा जयपुर में महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी के पद पर कार्यरत है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर कर बुरा हाल था।
बंद पड़ी तीसरी आंख - बीसलपुर बांध क्षेत्र में बांध परियोजना की ओर से बांध की सुरक्षा को मध्यनजर रखते हुए आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। वहीं बांध के कंट्रोल रुम के उपर लगे कैमरे की देखने की क्षमता 3 किलोमीटर तक है, लेकिन जयपुर के युवक के लापता होने के दौरान पुलिस व परिजनों की ओर से जब युवक की तलाश कैमरों के माध्यम से करनी चाही तो 1 कैमरे के अलावा सभी कैमरे बंद मिले, जबकि बांध से इन दिनों बनास में पानी की निकासी की जा रही है। बांध के कंट्रोल रूम के ऊपर लगा कैमरा चालू होता तो युवक के डूबने की स्थिति की जानकारी शुक्रवार को ही लग जाती।
Updated on:
1 Sep 2019, 8:56 AM IST
Published on:
1 Sep 2019, 8:56 AM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.