
आवां के स्वास्थ्य केन्द्र में गन्दगी देख प्रभारी चिकित्सक को फटकार लगाते कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी।
आवां. कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी ने शनिवार को पैतृक गांव आवां के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। परिसर में फैली गन्दगी पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सक को फटकार लगाई। अस्पताल के सभी वार्ड और कमरों का अवलोकन कर हकीकत जानी।
अस्पताल के बिगड़े हालात देख मंत्री ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गोकुलराम से व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। मंत्री ने चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ व चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव से वार्ता कर अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
सरपंच राधेश्याम चन्देल ने बताया कि इस दौरान कृषि मंत्री ने अस्पताल को आधुनिक रूप देने के लिए नए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भिजवाने के निर्देश भी दिए। ग्रामीणों व मरीजों की ओर से अस्पताल में चिकित्सक नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले एवं शनिवार को परिवार नियोजन के शिविर में अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने आवां में सार्वजनिक विभाग, पर्यटन विभाग और जल संसाधन विभाग की ओर से चल रहे लगभग 7 करोड़ के कामों का जायजा लेकर अभियन्ताओं को मापदण्ड व गुणवत्तानुसार काम कराने की हिदायत भी दी।
सरदारपुरा, नया गांव, बिसनपुरा सहित बारहपुरों के लोगों ने पानी, बिजली, सडक़, चिकित्सा और शिक्षा की सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की। कमलेश विजय, महादेव मीना, गणेश शर्मा आदि ने इसके लिए ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान मंत्री के आवास पर टोंक, बून्दी, कोटा जिले के फरियादियों की भीड़ लगी रही। सैनी ने देर रात तक लोगों की समस्या सुन सम्बन्धित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। उनके साथ मण्डी अध्यक्ष बाबूलाल जांगिड़, उपाध्यक्ष खेमराज गुर्जर, शिवनारायण बलाई, पे्रम शंकर सोमानी, युगल सोमानी, रामलाल माहुर, रामदेव मीना आदि थे।
सम्मान समारोह 3 जनवरी को
टोंक. भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से प्रतिभावान सम्मान समारोह का आयोजन 3 जनवरी को सुबह 11 बजे डाक बंगले में होगा। मोर्चा जिलाध्यक्ष प्यारेलाल यादव ने बताया कि इसमें 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों का सम्मान किया जाएगा।
Published on:
31 Dec 2017, 8:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.