
बाजार बंद करा लगाया जाम, नारेबाजी-प्रदर्शन कर निकाला जुलूस, दे ड़ाली ये चेतावनी...
दूनी. नगरफोर्ट को पंचायत समिति बनाने का प्रस्ताव पर जिला कलक्टर की ओर से आपत्ति मांगे जाने के बाद दूनी को पंचायत समिति बनाने की मांग उठा कस्बे के लोगों ने शुक्रवार सुबह नारेबाजी-प्रदर्शन कर जुलूस निकाल कस्बे का बाजार बंद करा दिया। मौके पर तहसीलदार के ज्ञापन लेने नहीं आने पर नाराज प्रदर्शनकारी दूनी-सरोली मार्ग की सडक़ जाम लगा बैठ गए।
बाद में देवली से आए एसडीओ अशोक त्यागी ने ग्रामीणों से ज्ञापन लेकर इसे मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, विधायक, कलक्टर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाने के बाद लोग सडक़ से उठ घरों की ओर रवाना होने पर दो घंटे बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हुआ। गुरुवार देर शाम आयोजित बैठक में कस्बा बंद का आह्वान करने के बाद शुक्रवार सुबह बस स्टैण्ड पर ग्रामीण एकत्रित होने लगे।
नौ बजे बस स्टैण्ड से ग्रामीण जुलूस के रूप पर नारेबाजी करते हुए मुख्य बाजार, घाड़, आवां व सरोली मार्ग पर पहुंचे और बाजार बंद करवा दिया। बाजार बंद होने के बाद लोग पंचायत के विश्राम गृह पर आ गए और दूनी तहसीलदार विनिता स्वामी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया।
ग्रामीणों ने तहसीलदार को मौके पर आकर ज्ञापन लेने का अनुरोध किया तो उन्होंने मनाकर दिया। मना करने के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस स्टैण्ड से निकलने वाले दूनी-सरोली मार्ग स्थित सडक़ पर बैठ गए और जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे थानाप्रभारी बाबूलाल टैपण सहित पुलिसकर्मियों ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन तहसीलदार के मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग पर अड़ गए।
बाद में एडवोकेट कुलदीप शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुलदीपसिंह राजावत, कांग्रेस व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष पदमकुमार अजमेरा, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ महामंत्री नरेन्द्र मेहरा, ब्लॉक उपाध्यक्ष रामगोपाल व्यास, भाजपा पदाधिकारी रमेश रोझ ने देवली एसडीओ त्यागी से मोबाइल पर वार्ता कर मौके पर बुला दूनी को पंचायत समिति बनाने की मांग का ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर रामअवतार बलाई, मुकेश सैनी, गोपाल खींची, दिनेश बलाई, शिवराज बराला, सीताराम बराला, धर्मराज चौधरी, मुकेश चौधरी, सागर सैनी, पवन शर्मा, अरविन्द साहू सहित आस-पास के गावों के सैकड़ों लोग भी मौजूद थे।
बनाएंगे आंदोलन की रूपरेखा
दूनी को पंचायत समिति बनाने की मांग को लेकर ग्रामीण आगामी दिनों में एक बैठक आयोजित कर संघर्ष समिति का गठन करेंगे। इसके बाद दूनी तहसील क्षेत्र में शामिल इक्कीस पंचायतों गांवों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर आंदोलन में शामिल कर जिला मुख्यालय पर कलक्टर कार्यालय से लेकर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक से मिलकर दूनी को पंचायत समिति का दर्जा दिलाने की मांग करेंगे। साथ ही जरूरत पडऩे पर कठोर कदम भी उठाया जाएगा।
Published on:
5 Oct 2019, 10:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.