6 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

टोंक क्राइम: दूध बेचने घर से निकले राजूलाल की हत्या, कानों की मुरकियां गायब; स्कूली लड़कियों ने लहूलुहान हालत में देखा

टोंक जिले के रूपवास ग्राम पंचायत स्थित धाबाई की झोपड़ियां गांव में दूध बेचने निकले राजूलाल गुर्जर (40) पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के कानों में पहनी सोने की मुरकियां गायब मिलीं, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
3 min read
Google source verification

टोंक

•

image

Arvind Rao

•

Oct 06, 2026

tonk milk seller murder case

मृतक राजूलाल (पत्रिका फोटो)

Tonk Milk Seller Murder Case: बनेठा (टोंक): टोंक जिले में रूपवास ग्राम पंचायत के धाबाई की झोपड़ियां गांव में सोमवार सुबह दूध बेचने निकले एक व्यक्ति पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल व्यक्ति को परिजन उपचार के लिए टोंक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

घटना से नाराज ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। पहले मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया। लेकिन एक घंटे तक जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्य गेट पर धरना देकर बैठ गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और परिजनों को सहायता देने की मांग की। बाद में प्रशासन की ओर से उन्हें 15 दिन में मामले का खुलासा करने और नियमानुसार सहायता का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन वहां से रवाना हुए। पुलिस के अनुसार, मृतक धाबाई की झोपड़ियां निवासी राजूलाल गुर्जर (40) पुत्र नेहनूलाल गुर्जर था।

घर से कुछ दूर ही मिला

परिजनों ने बताया कि राजूलाल सोमवार सुबह करीब सवा छह बजे रोजाना की तरह घर से डेयरी पर दूध बेचने के लिए निकला था। घर से करीब 500 मीटर दूर अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर रास्ते में ही गिर पड़ा।

करीब आधे घंटे बाद सुबह साढ़े छह बजे उसकी भतीजी और गांव की तीन-चार लड़कियां स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें घर से करीब पांच मीटर दूर राजूलाल लहूलुहान हालत में पड़ा दिखाई दिया। घायल को देखकर लड़कियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर राहगीर मौके पर रुके और सूचना मिलने पर आसपास के लोग व परिजन भी वहां पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब पौने सात बजे उनियारा वृत्ताधिकारी अशोक कुमार, बनेठा थाना प्रभारी हीरालाल मय जाप्ते सहित पांच थानों का पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस और परिजन घायल को उपचार के लिए टोंक लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

जांच में होगा खुलासा

परिजनों के अनुसार, राजूलाल दोनों कानों में सोने की मुरकियां पहनता था, जो घटना के बाद मौके पर नहीं मिलीं। ऐसे में परिजनों ने लूट के इरादे से हमला किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और वास्तविक स्थिति का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

वृत्ताधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत और लूट के इरादे से हमला किए जाने की आशंका से जुड़ा नजर आ रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए गए हैं।

डीएसटी और एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।