
बंथली.किशोर के शव के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें चार दिन के रिमाण्ड पर सौंपा है।
बंथली. गेरोटी गांव के पास से गुजर रही दायीं मुख्य नहर में गत दिनों मिले किशोर के शव के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों को पुलिस ने बुधवार को दूनी न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें चार दिन के रिमाण्ड पर सौंपा है।
घाड़ थानाप्रभारी रामेश्वर मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पाई थाना नैनवां जिला बूंदी निवासी नेतराम (19) पुत्र शम्भूलाल मीणा व राजकुमार उर्फ खुशीराम (19) पुत्र सोहनलाल मीणा है। दोनों आरोपित सांखना के निजी विद्यालय में 12वीं कक्षा के छात्र हैं।
इन्होंने मिलकर भरनी निवासी कालू उर्फ आशाराम (15) पुत्र बृजमोहन कुम्हार की गत दिनों हत्या कर दी थी। युवती का दो तरफा चल रहा प्रेम प्रसंग कालू की हत्या का कारण बना। पुलिस ने बताया कि नेतराम का भरनी निवासी बहन की ननद से करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इसी बीच कालू से युवती का प्रेम प्रसंग चलने लगा। इससे नाराज आरोपित ने कालू को अपने रास्ते से हटाने की योजना बना उसमें साथी राजकुमार को भी शामिल किया। गत 9 नवम्बर को नेतराम व राजकुमार ने मिलकर योजना के तहत कालू को गैरोटी के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी।
बाद में शव को दायीं मुख्य नहर में डाल गए। मृतक के भाई भागचन्द ने घाड़ थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इधर, पुलिस टीम आरोपित नेतराम व राजकुमार को लेकर बुधवार को घटनास्थल पहुंची। जहां निशानदेही पर मृतक की जेब से गिरी दुकान की चाबी, चालीस रुपए बरामद किए।
उल्लेखनिय है कि आरोपित नेतराम का भरनी निवासी अपनी बहन की ननद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवती का कालू से प्रेम प्रसंग चलने लगा। बाधा बन रहे कालू को मार्ग से हटाने को लेकर उसने साथी राजकुमार उर्फ खुशीराम के साथ योजना बनाई।
इसके मुताबिक गत 9 नवम्बर को नेतराम ने राजकुमार के साथ भरनी से पानी की बोतलें व शराब खरीदी। एक पानी की बोतल में नींद की गोलियां मिला ली। बाद में दोनों आरोपित कालू उर्फ आशाराम को बाइक पर बैठाकर गैरोटी गांव के जंगल में ले गए। जहां एक जगह बैठकर तीनों ने शराब का सेवन किया।
आरोपित युवक कालू के गिलास में शराब के साथ नशीला पानी मिलाकर पिलाते रहे। इससे उसे चक्कर आने लगे और उल्टियां होने के साथ वह बेहोश हो गया। बाद में दोनों ने साफी से उसका गला दबा दिया। उसे मृत समझ नहर में फेंक दिया।
आरोपित 12वीं के छात्र
नेतराम व राजकुमार सांखना के निजी विद्यालय की कक्षा 12वीं के छात्र हंै। वे यहीं रहकर पढ़ाई कर रहे थे। गौरतलब है कि गत 9 नवम्बर की शाम कालू घर से खाना खाकर राजमार्ग स्थित दुकान पर सोने की कहकर गया था।
सुबह दुकान गए परिजनों को कालू के नहीं मिलने पर आस-पास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन वह नहीं मिला। कालू का शव 10 नवम्बर को नहर में मिला। इससे पहले कालू ने 9 नवम्बर की रात मोबाइल फोन पर परिजनों को छान में दोस्तों के साथ होना बताया था। इस मामले में मृतक के भाई भागचन्द ने 16 नवम्बर को हत्या की आशंका जताते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था।
Published on:
23 Nov 2017, 7:41 AM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.