विधायक अजीत मेहता ने बरवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 7 जुलाई को जयपुर में होने वाली रैली में योजनाओं में लाभान्वितों को अधिकाधिक भेजने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
टोंक. विधायक अजीत मेहता ने बरवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 7 जुलाई को जयपुर में होने वाली रैली में योजनाओं में लाभान्वितों को अधिकाधिक भेजने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। विस्तारक जितेंद्र सिंह, प्रधान जगदीश गुर्जर ने बताया कि कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 6 हजार लाभान्वितों को जयपुर ले जाया जाएगा।
इसके लिए मण्डलवार बसों की व्यवस्था की गई है। बरवास मण्डल अध्यक्ष गजराजसिंह ने बताया कि लाम्बाकलां से छाण बाससूर्या डामरीकरण सडक़ पर 695 लाख रुपए की लागत आएगी।
इस मौके पर युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र लाम्बा, मीडिया प्रभारी महावीर गुर्जर, मोहनलाल पालीवाल समेत ग्रामीण मौजूद थे। इधर, दुर्गालाला समेत अन्य ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर नायब तहसीलदार नियुक्त कराने की मांग की है।
अधिकारी व कर्मचारी पसोपेश में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जयपुर में होने वाले जनसंवाद कार्यक्रम में लाभान्वितों को ले जाने की अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारी तो दी गई, जबकि लाभान्वितों में कौन समर्थक व कौन विरोधी है, इसेे लेकर अधिकारी व कर्मचारी पसोपेश में है।
प्रशासन की ओर से भी विचारधारा के खिलाफ बात करने वाले लाभान्वितों को सभा में नहीं लाने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयपुर में सात जुलाई को संवाद कार्यक्रम है।
इसको लेकर प्रदेश के सभी 33 जिला कलक्टरों को नौ योजनाओं में लाभान्वितों को जयपुर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। योजना के तहत जिले से छह हजार लोगों को जयपुर ले जाने का प्रशासन को लक्ष्य मिला है।
पहली बार सरकारी तंत्र को यह लक्ष्य मिलने से विभागीय अधिकारी व कार्मिक यह सोचकर पसोपेश में है कि ले जाए जा रहे लाभान्वितों में कौन पार्टी समर्थक है और किसकी विचारधारा विरोधी है। प्रशासन की ओर से गत दिनों ली गई बैठक में भी पार्टी की विचारधारा से विपरीत बात करने वालों को सभा में नहीं लाने की हिदायत दी गई है।
अमला झौंका, कर रहे मनुहार जिला प्रशासन की ओर से अनुदानित व अन्य योजनाएं संचालित करने वाले विभिन्न विभागोंं को लक्ष्य के मुताबिक लाभान्वितों को ले जाने के निर्देश दिए हंै।
इसमें विफल रहने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। इसके चलते पंचायतों में लगे ग्रामसेवक से लेकर पटवारी, लिपिक आदि घर-घर दस्तक देकर या फोन से जयपुर चलने की गुहार लगा रहे हंै।
मेहमानों सी होगी खातिर
जयपुर जा रहे लाभान्वितों के खातिर मेहमानों सी होगी। इसके निर्देश गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया व अन्य मंत्रियों ने प्रदेश के सभी जिला कलक्टरों को दिए हंै।
वीडियो क्रान्फ्रेस में कटारिया ने जनसंवाद कार्यक्रम में जयपुर आ रहे सभी लाभान्वितों को राजकीय अतिथि बताते हुए मेहमानों समान खातिर करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही एसडीओ व बीडीओ नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
सवा सौ किसान भी जाएंगे कृषि विभाग को जिले से 150 किसानों को जनसंवाद कार्यक्रम में ले जाने का लक्ष्य मिला है। इसको लेकर किसानों को तैयार कर लिया गया है। भोजन व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाएगी। महेश शर्मा, उपनिदेशक कृषि विस्तार टोंक।
बसों की व्यवस्थाएं हुई पूरी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले से 125 बसें जयपुर जाएगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इनमें रोडवेज व निजी बसें शामिल हंै। बस संचालकों को चुनाव की भांति निर्धारित किलोमीटर दर से भुगतान किया जाएगा। आर. के. चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी टोंक।