
Rajasthan By Election 2024: राजस्थान में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सभी दलों का प्रचार अभियान जोर पकड़ रखा है। बीजेपी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक लगातार जनसभाएं कर रहे हैं तो बाप पार्टी और आरएलपी के नेता भी पूरी ताकत झोंके हुए है। इसी कड़ी में टोंक की देवली-उनियारा सीट पर प्रचार के लिए डॉ. सतीश पूनिया पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बिना सत्ता के कांग्रेस वैसे ही है जैसे कुंवारा आदमी शादी के लिए बैचेन रहता है।
टोंक में बीजेपी प्रत्याशी राजेन्द्र गुर्जर का प्रचार करने पहुंचे सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही वोट बैंक की राजनीती की है। कांग्रेस ने देश के लोगों में भ्रम फैला कर सत्ता हासिल की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता के बिना कांग्रेस के लोग बहुत ज़्यादा परेशान हो जाते है, बौखला जाते हैं, इतने बौखला जाते हैं जैसे कुंवारा आदमी शादी के लिए विचलित होता है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि, कांग्रेस को मेरी नेक सलाह है कि कांग्रेस हार को स्वीकार करे…वो सत्ता से बाहर हैं, हम भी विपक्ष में थे, हमने भी मुद्दों पर लड़ाई लड़ी थी। प्रदेश के हित के लिए उन्हें सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए और कोई ऐसी बातें उनके संज्ञान में आती है तो उन्हें सरकार को बताना चाहिए। अच्छे तरीके से स्वस्थ लोकतान्त्रिक तरीके से इस तरह के बयानों से ना तो जनता संज्ञान लेती है और ना ही पार्टी का भला होता है, मेरी सलाह यही है।
वहीं, राजस्थान बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने हमेशा से ही खून और बंटवारे की राजनीति की है। 1947 से लेकर अब तक का इतिहास देखो, प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए भारत माता के टुकड़े करा दिए कांग्रेस ने…देश को धर्म, मज़हब और जाती के आधार पर बांटने का काम किया है।
सीपी जोशी ने कहा कि अब देश की जनता कांग्रेस का असली चेहरा जान चुकी है। इसीलिए जो कांग्रेस पार्टी देश और अनेक प्रदेशो में सत्ता में थी आज वो सिमट कर रह गई है। कांग्रेस एक क्षेत्रीय पार्टी की तरह हो गई है। कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टियों को दबाव में है, यही वजह है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी दिल्ली में कांग्रेस को वोट नहीं दे पाए।
गौरतलब है कि 13 नवंबर को राजस्थान की 7 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। सूबे की रामगढ़ (अलवर), दौसा, झुंझुनूं और देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी और सलूंबर सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव के परिणामों में इनमें से भाजपा के पास केवल 1 सीट थी, वहीं, कांग्रेस के पास 4 सीटें थी। इसके अलावा एक सीट बाप और एक सीट RLP के पास थी।
Updated on:
09 Nov 2024 03:04 pm
Published on:
09 Nov 2024 03:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
