
हमले के बाद चोट का निशाना दिखाता दुकानदार।
देवली. शहर के बस स्टैण्ड स्थित दुकान पर गुरुवार रात सोडा वाटर का पैसा मांगने पर एक दुकानदार व उसके कार्मिक पर कुछ लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। इससे वे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद बस स्टैण्ड परिसर में दुकानदारों के बीच सनसनी मच गई। मौका पाकर आरोपी भाग छूटे।
पीडि़त दुकानदार रमेशचंद गोयल है। उन्होंने देवली पुलिस में रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात पांच युवक बिना नम्बर वाली कार में सवार होकर दुकान आए। जहां उन्होंने कर्मचारी से सोडा लेकर पीया तथा बाद में जाने लगे। इस पर कर्मचारी ने उन्हें पैसे के लिए टोका तो, युवक आक्रोशित हो गए तथा गाली-गलौच करते हुए चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद पांचों युवक कार में सवार होकर आए। जहां उन्होंने बिना विचार किए दुकानदार व कर्मचारी पर लाठियां बरसा दी। इससे दुकानदार रमेशचंद के पीठ व पैर पर चोट आई है।
इसके बाद युवक कार में बैठकर भाग छूटे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद दुकानदार अपने मित्रों के साथ देवली थाने पहुंचा। जहां उन्होंने नामजद पांच युवकों के खिलाफ दुकान में घुसकर मारपीट करने की रिपोर्ट दी। इस दौरान बस स्टैण्ड के सीसीटीवी कैमरे बंद होने के चलते फुटेज नहीं मिल सके। पीडि़त ने बताया कि तीन दिन पूर्व भी युवक सोडा पीकर बिना रुपए दिए चले गए थे।
हालांकि दुकानदार ने पांचों युवकों की पहचान कुराडिय़ा, प्रताप कॉलोनी, बीसलपुर कॉलोनी निवासी युवकों के रूप में की है तथा पुलिस रिपोर्ट में उन्हें नामजद किया है। बस स्टैण्ड के व्यापारियों ने बताया कि गत दो-तीन दिन पूर्व भी युवकों ने एक मोबाइल फोन दुकानदार से मारपीट की थी। लगातार तीन-चार दिनों से हो रही घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल है।
पति, ससुर व जेठ गिरफ्तार
पचेवर. नगर गांव से पुलिस ने तीन जनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एएसआई गोपाल लाल जाट ने बताया कि नगर निवासी हेम कंवर ने रिपोर्ट दी कि पति सुखबीर सिंह, ससुर भरत सिंह व जेठ राजवीर सिंह आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करते हुए अभद्रता करते रहते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
09 Jun 2018 01:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
