
कांटोली में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से बंद पडा पेयजल प्वॉइंट।
लाम्बाहरिसिंह. सांसद आदर्श योजना संचालित होने के बावजूद क्षेत्र का सांसद आदर्श गांव कांटोली का कायाकल्प नहीं हो पाया।
सांसद आदर्श योजना की सौगात मिलने से लोगों को लगा था कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा, लेकिन प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते लोगों को मूलभूत समस्याओं से निजात नही मिल रही है, जबकि इसके विकास के लिए केन्द्र सरकार की निगरानी में ग्राम विकास योजना तैयार की गई थी। भले ही प्रशासन द्वारा खुले में शौच मुक्त गांव घोषित किया गया है, लेकिन प्रेरित करने में नाकामयाब रहने के कारण लोग खुले में शौच जा रहे है। मनरेगा कार्य बंद होने से लोगों को रोजगार नही मिल रहा है।
आश्वासन से सिवा कुछ नहीं मिला
बीते दो सालों से जल वितरण समिति द्वारा बकाया बिल राशि जमा नहीं कराने के कारण बीसलपुर पेयजल प्वांइट बंद पड़े होने के कारण लोगों को लम्बी दूरी तय कर कुओं व हैण्डपम्पों से पीने का पानी लाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं सांसद द्वारा प्रशासन द्वारा घर-घर नल कनेक्शन कराने का आश्वासन पूरा नहीं हो रहा है।
कई घंटों विद्युत आपूर्ति लोड सेटिंग के कारण बंद रहने से उद्योग धंधे प्रभावित हो रहे है। घरों व सरकारी भवनों के उपर से गुजर रहे हाइटेंशन विद्युत तार हादसे को आमंत्रण दे रहे है।
डेढ़ साल से प्रसव सुविधा बंद
उपस्वास्थ्य केन्द्र पर बीते डेढ़ साल से प्रसव सुविधा बंद होने से जननी शिशु सुरक्षा योजना ठप पड़ी है। प्रसूताओं को लम्बी दूरी तय कर मालपुरा अस्पताल पर प्रसव कराने पर मजबूर होना पड़ रहा है। गांव में रोडवेज बस सेवा बंद है, इससे लोगों को निजी साधन से रुपाहेली, मालपुरा की यात्रा करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
डिजिटल शिक्षा बनी सपना
राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा सपना बनी हुई है। विद्यालय में कम्प्यूटर नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षा से वंचित है, जबकि विद्यालय तीसरी आंख की नजर में कैद है। इसी प्रकार अटल सेवा केन्द्र पर पर भी ब्रॉड बैन्ड सेवा शुरु ही नहीं हुई है। इससे वाई-फाई सुविधा बंद पडी है।
नहीं हुआ बजट खर्च
सांसद आदर्श योजना संचालित होने के बाद प्रशासन स्वीकृत बजट खर्च नहीं कर पाया। मॉडल तालाब समेत अन्य स्वीकृत कार्य पूर्ण नहीं होने से लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है। अपना खेत अपना कार्य योजनान्तर्गत 349 कार्य स्वीकृत में से 284 शुरू ही नहीं हुए। 132 में से 56 को नि:शुल्क पट्टे मिल पाए है। नवनिर्मित किसान सेवा केन्द्र ,पटवार घर भवन में विभाग द्वारा कार्यालय शुरु नहीं होने सेलोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
-घर-घर नल कनेक्शन शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे है। रोडवेज सुविधा बंद पड़ी है। निर्माण कार्यों का पूर्ण किया जाएगा।
बृजेश गुर्जर, सरपंच ग्राम पंचायत कांटोली
-स्वच्छता के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। जल्द ही मनरेगा कार्य शुरू कर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।
श्याम सुन्दर शर्मा, सचिव ग्राम पंचायत कांटोली
Published on:
18 Feb 2018 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
