
Udaipur Crime: उदयपुर के उदयसागर पाल पर पार्क में युवक की हत्या का सोमवार को खुलासा हो गया। पुलिस ने मृतक के पड़ोसी दो जनों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी रिश्ते में मृतक का भतीजा है। सामने आया कि आरोपियों ने मृतक से कर्ज ले रखा था, जो नहीं चुका पा रहे थे। इससे छुटकारा पाने के लिए हत्या कर दी। आरोपियों के नाम सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल हो गया।
लोगों ने आरोपियों के घर तोडफ़ोड़ की, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के उदयसागर पाल पर युवक का खून से सना शव पड़ा था। पहचान भल्लों का छोटा गुड़ा निवासी शंकरलाल पुत्र लोगर डांगी के रूप में हुई। शंकरलाल फोटोग्राफी, प्रोपर्टी दलाली के साथ ही फाइनेंस का काम भी करता था। पुलिस ने आरोपी भल्लों का छोटा गुड़ा निवासी मांगीलाल उर्फ जगदीश डांगी और निवासी मदनलाल डांगी को गिरफ्तार किया। सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में कर्जदार हो गए थे। उन्होंने तार से गला दबाकर, धारदार हथियार और हथौड़े से सिर फोड़कर हत्या कर दी। उन्होंने शंकरलाल से 5-5 लाख रुपए उधार लिए, जो चुका नहीं पा रहे थे। आरोपी मदनलाल रिश्ते में शंकरलाल का भतीजा लगता है।
भल्लों का गुड़ा पंचायत के छोटा गुड़ा निवासी शंकर डांगी की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्या करने वाले पड़ोसी ही निकलने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए और आरोपियों के घर पर तोड़फोड़ करने लगे। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया। गिर्वा डिप्टी सूर्यवीर सिंह सहित कुराबड़, प्रतापनगर, गोवर्धन विलास थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को काबू किया।
मांगीलाल उर्फ जगदीश डांगी और मदनलाल डांगी को डिटेन कर पूछताछ की। बताया कि 18 अप्रेल को दोनों मदनलाल डांगी की बाइक से कैलाशपुरी गए थे। वहीं पर दोनों ने शंकरलाल डांगी को मारने की साजिश रची। वजह ये कि शंकरलाल दोनों आरोपियों से 5-5 लाख रुपए मांगता है। जिस पर हर महीने ब्याज देना पड़ता है। समय पर ब्याज नहीं दो तो शंकरलाल धमकाता था। दोनों उदयपुर पहुंचे और हार्डवेयर शॉप से हथौड़ा, बाइंडिंग वायर खरीदा। होटल से पीनट खरीदा और पास ही शराब की दुकान से बीयर केन खरीदे। जिंक चौराहा किराणा की दुकान से मिर्च पाउडर, सिगरेट व ब्लेड पैकेट खरीदा। इसके बाद मृतक शंकरलाल को उदयसागर पाल पर पार्टी करने बुलाया। आरोपी मदनलाल ने बाईडिंग वायर से शंकरलाल का गला दबाया। मांगीलाल ने हथौड़े से सिर पर वार किए। ब्लेड से पूरे शरीर पर कट लगाए। घावों पर मिर्च पाउडर डाल कर हत्या कर दी।
50 से ज्यादा हार्डवेयर की दुकानें खंगाली
100þ किराणा स्टोर संचालकों से पूछताछ की
180से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाए
● हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, वायर मौके पर मिले। इनकी खरीद को लेकर दुकानों पर पूछताछ की।
● आरोपियों ने शराब दुकान से बीयर, किराना से मिर्च पाउडर खरीदा तो दुकानदारों से पूछताछ की।
● मृतक शंकरलाल की कॉल डिटेल निकाली, जिसमें आरोपियों के कॉल भी शामिल होना पाया गया।
● पुलिस ने परिजनों से शंकरलाल के कर्जदार लोगों की सूची जुटाई, जिसमें आरोपियों के नाम भी थे।
Updated on:
22 Apr 2025, 10:42 AM IST
Published on:
22 Apr 2025, 10:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.