
कांग्रेस-भाजपा (फाइल फोटो: पत्रिका)
Udaipur Municipal Elections: नगर निगम चुनाव को लेकर काउंटडाउन शुरू हो गया। 31 अगस्त तक नामांकन करना है और इसमें दस दिन भी नहीं बचे हैं। तेजी से शुरू हुए काउंट डाउन में जहां एक ओर दोनों पार्टियां तेजी से काम करने लगी है, वहीं दावेदारों की पहुंच पार्टी दफ्तरों तक तेज हो गई। दोनों पार्टियों ने शुक्रवार को ही आधे वार्डों में रायशुमारी कर ली, जबकि बाकी शहर को शनिवार को टटोलेंगे। दोनों पार्टियों में पार्षद में पार्षद के आवेदन पत्रों की बात करें तो भाजपा में फॉर्म 5 हजार रुपए में मिल रहा है और कांग्रेस में मुफ्त में उपलब्ध है। एक दिन में ही दोनों पार्टियों से करीब 300-300 से अधिक फॉर्म निकल चुके हैं। दोनों तरह की गतिविधियों में दो दिन बाद समीकरण सामने होंगे।
भाजपा के आवेदन पत्र में एक रोचक बात सामने आई है। आवेदन पत्र में पूछा गया है कि 'तुम्हें टिकट नहीं दें तो किसको दें, तीन नाम लिखो…' इसे लेकर हर कोई दावेदार पशोपेश में है। इस सवाल के अलावा पार्टी की सदस्यता, उपलब्धियां, पुलिस वेरिफिकेशन, अनुशासनात्मक कार्रवाई, वोटर लिस्ट में नाम, निगम में बाकियात, बतौर पदाधिकारी क्या काम किया, पहले चुनाव लड़ा तो क्या नतीजा रहा आदि 19 बिंदु हैं। आवेदन फॉर्म का शुल्क 5 हजार और एससी-एसटी वर्ग के लिए 2 हजार रखा है। पिछले चुनाव में फॉर्म 3 हजार रुपए का था। फॉर्म शुल्क रखने के पीछे की सोच बताई गई है कि वास्तविक दावेदार ही फॉर्म भरेंगे, वहीं इससे जुटने वाले फंड को जरुरतमंद दावेदार के लिए चुनावी खर्च में दिया जाएगा।
कांग्रेस के शास्त्री सर्कल चुनाव कार्यालय पर आवेदन मिल रहे हैं। संगठन महामंत्री अरुण टांक ने दावा किया कि पिछली बार से इस बार 6 गुना ज्यादा आवेदन मिले हैं। अब तक 300 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। प्रक्रिया शनिवार को पूरी होने तक आवेदन संख्या बढ़ जाएगी। फॉर्म में पिछले चुनावों का गणित, चरित्र, पार्टी में भूमिका, पारिवारिक पृष्टभूमि, जाति समीकरण में प्रभाव की जानकारी पूछी गई है। स्थानीय स्तर के अलावा प्रदेश कांग्रेस में ऑनलाइन आवेदन के लिए भी बारकोड उपलब्ध कराया है। अब तक मिले आवेदन पत्रों में महिलाओं और युवाओं की संख्या 85 फीसदी होने की बात कही है। एक शपथ पत्र भी भरवाया जा रहा है, जिसमें टिकट जिसे भी मिले, उसे समर्थन देने की बात लिखी है।
Updated on:
22 Aug 2026 10:18 am
Published on:
22 Aug 2026 10:18 am
