
उदयपुर। शहर से नाथद्वारा रोड पर सोमवार को चलती बस में आग लग गई। यह बस उदयपुर के यात्रियों को तीर्थयात्रा के लिए ले जा रही थी। शहर से रवाना होने के कुछ देर बाद ही बस में आग लग गई। बस में 48 यात्री सवार थे। गनीमत रही की सभी यात्री सुरक्षित निकल गए। हालांकि बस और यात्रियों का सामान पूरी तरह से जल गया।
पुलिस ने बताया कि उदयपुर शहर और आसपास के यात्रियों को गंगासागर की यात्रा के लिए महालक्ष्मी ट्रावेल्स की बस दोपहर 3.30 बजे रवाना हुई थी। बस शहर से निकलकर नाथद्वारा रोड पर झालों का गुड़ा के पास पहुंची थी कि बस में धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत ही बस को किनारे लगा दिया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी यात्री आनन फानन में बस से उतर गए।
कुछ ही देर में बस में लपटें उठने लगी और आग ने विकराल रूप ले लिया। धुआं इतना ऊंचाई तक उठ रहा था कि एक किलोमीटर दूर से ही नजर आ रहा था। सूचना पर सुखेर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
पुलिस ने बस संचालक शांतिलाल कुमावत से यात्रियों के बारे में जानकारी ली। कुमावत ने बताया कि शहर और आसपास के यात्रियों को तीर्थयात्रा के लिए ले जा रहे थे। बस को हाल ही में रिपेयर करवाया था। इसके बाद सोमवार को ही यात्रा पर ले जा रहे थे। ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आ रहा है।
Published on:
25 Dec 2023 09:04 pm
