राजस्थान में खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर अजीब स्थिति, अफसर चिंतित-क्या करें, जानें पूरा मामला
Food Security Scheme Update : खाद्य सुरक्षा योजना पर नया अपडेट। खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर राजस्थान में अजीब स्थिति बन रही है। अफसर उलझन में हैं। क्या करें? गुंजाइश 6 लाख लोगों के नाम जुड़ने की, कतार में हैं 14 लाख। जानें पूरा मामला।
पंकज वैष्णव Food Security Scheme Update : खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर राजस्थान में अजीब स्थिति बन रही है। प्रदेश में सीलिंग सीमा अनुसार 4.46 करोड़ नाम जुड़ सकते हैं, वहीं 4.39 करोड़ नाम जुड़े हुए हैं। ऐसे में जहां 6 लाख नए लोगों के ही नाम जोड़ने की गुंजाइश है, जबकि 14 लाख लोग कतार में हैं। दोनों आंकड़ों के बीच बड़ा अंतराल होने से विभागीय अधिकारी भी चिंतित है। पिछले डेढ़ साल में योजना से 19.90 लाख नाम हटाए गए, फिर भी नए आवेदनों के लिए गुंजाइश नहीं बन पाई है। लिहाजा अपात्र लोगों से लाभ का त्याग करवाने का अभियान चला और इसकी तारीख भी बार-बार बढ़ाई जा रही है।
केंद्र सरकार ने तय कर रखी सीलिंग
केंद्र सरकार की ओर से खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य में शहरी क्षेत्र के लिए 53 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 69.09 प्रतिशत की सीलिंग निर्धारित की है। लिहाजा प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 4 करोड़ 39 लाख 7 हजार 783 लाभार्थी योजना में चयनित हैं।
वंचितों को लाभ पहुंचाने की कोशिश
प्रदेश में योजना के तहत 13 लाख 38 हजार 683 आवेदन लम्बित है। केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित सीलिंग सीमा 4 करोड़ 46 लाख 61 हजार 960 हैं। इसके अनुसार रिक्त स्थान के विरुद्ध वंचित पात्र लाभार्थियों को योजना में जोड़े जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।