
फायरिंग से पहले भागते और पीछा करती बदमाशों की कारें (पत्रिका फोटो)
Udaipur Gangwar News: उदयपुर शहर में कुख्यात बदमाशों के बीच गैंगवार का मामला सामने आया है। सवीना थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3.30 बजे हिस्ट्रीशीटर के दो गुट आमने-सामने थे। फायरिंग होने पर घायल बदमाश बचने के लिए सवीना से कार दौड़ाकर सूरजपोल थाने में घुस गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। इस पूरी वारदात में घायल से लेकर आरोपी तक सभी हिस्ट्रीशीटर और गैंग से संबंधित हैं।
पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा के गुर्गे उस्मान और मोहसिन ने दूसरे गुट के हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से फरदीन गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे एमबी अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया गया कि चार दिन पहले एक एक्सीडेंट होने के कारण उनमें रंजिश चल रही थी। घटना के बाद से उस्मान बदला लेने की फिराक में था। इसके बाद गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र स्थित हिस्ट्रीशीटर के होटल से घटनाक्रम की शुरुआत हुई थी। वहां हिस्ट्रीशीटर फरदीन, उसके दोस्त प्रेम सिंह के साथ एक साथी का जन्मदिन मनाने गया था।
वहीं पर हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा के गुर्गे उस्मान, मोहसिन सहित चार लोगों ने तलवारें लहरा दीं। गुर्गों ने फरदीन पर पिस्टल तान दी, लेकिन फायर नहीं हुआ। ऐसे में फरदीन कार से भाग निकला। गुर्गों ने भी कार से फरदीन का पीछा किया।
दोनों की गाड़ियां सवीना थाना क्षेत्र के बरकत कॉलोनी कट के पास पहुंची, जहां मुजफ्फर के गुर्गे ने फायरिंग कर दी। फरदीन घायल होने के बाद भी कार दौड़ाता रहा और सूरजपोल थाने जा पहुंचा। बचने के लिए वह थाने के अंदर घुस गया। ऐसे में उसका पीछा कर रहे बदमाश भाग छूटे। सूरजपोल थाना पुलिस ने घायल फरदीन को अस्पताल पहुंचाया था।
पुलिस ने बताया कि हमले के सूत्रधार मुजफ्फर उर्फ गोगा, उसके साथी जयेश गुर्जर, गोविंद उर्फ सोनू और उस्मान को पकड़ा। वहीं दूसरे पक्ष से फरदीन और अरदीन को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अरदीन की ओर से उस्मान के घर पर पथराव करने का आरोप है। इसके बाद ही होटल पर दो पक्षों में तनातनी हुई थी।
हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा, इमरान कुंजड़ा गैंग का गुर्गा रहा है। उसके खिलाफ कई गंभीर अपराधों में तीन दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आरोपी गोगा प्रदेश के कुख्यात बदमाशों की सूची में शामिल रहा है। घायल फरदीन पर लूट, मारपीट, ऑर्म्स एक्ट आदि के 15 मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी मुजफ्फर उर्फ गोगा पर 20 मामले दर्ज हैं।
घायल ने थाने के पास फायरिंग की बात कहकर गुमराह किया, जबकि सीसीटीवी फुटेज में घटनाक्रम अलग जगह का है। दोनों गुटों के लोग बदमाश हैं, जिनमें से अलग-अलग जगह हुई तीनों घटनाओं से संबंधित आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-दलबीर सिंह, थानाधिकारी, सवीना
Updated on:
31 Aug 2026 04:04 pm
Published on:
31 Aug 2026 04:04 pm
