सरकारी स्तर पर संभाग में एक मात्र संचालित लैब में रोग को पहचानने के लिए केवल एक (पीसीआर) मशीन की सुविधा है। जिसकी प्रतिदिन जांच क्षमता केवल 24 है। ऐसे में संभाग के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडगढ़़, राजसमंद, डूंगरपुर एवं मध्य प्रदेश के समीपवर्ती जिलों से आने वाले रोगियों की यहां उसी दिन जांच नहीं हो पाती है। कार्यालय समय में खुली रहने वाली लैब में निर्धारित नमूनों की ही जांच हो पाती है। बाकी के रोगियों की जांच रिपोर्ट अगले दिन खुलने वाली लैब व्यवस्था पर निर्भर करता है। ऐसे में मरीज को तत्काल राहत पहुंचाने वाले दावे जमीनी धराताल पर कारगर नहीं हो पा रहे हैं। गौरतलब है कि उदयपुर में अब तक 600 से अधिक हुई नमूना जांचों में 145 रोगी पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 7 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। इसी तरह अन्य जिलों के मरीजों को मिलाकर पॉजिटिव रोगियों का आंकड़ा 280 के पार हो चुका है।