भुवनेश पंड्या/उदयपुर . महाराणा भूपाल हॉस्पिटल परिसर में खड़ी होने वाली निजी एम्बुलेंस मरीज की जान जोखिम में डाल रही है, क्योंकि ये डीजल-पेट्रोल से नहीं बल्कि अवैध गैस किट से संचालित हो रही है। पत्रिका की पड़ताल में यह भी सामने आया कि एम्बुलेंस चालक मरीज से मुंह मांगे दाम वसूल रहे हैं। इनमें से कई एम्बुलेंस जनाना हॉस्पिटल में कार्य करने वाले कार्मिकों की है, यह जानकारी होने के बावजूद अधिकारी कार्रवाई को तैयार नहीं है।पत्रिका की टीम दोपहर करीब 12 बजे मेवाड़ एम्बुलेंस सेवा संघ के कार्यालय पहुंची तो वहां बैठे एक सदस्य ने बताया कि उनके पास वर्तमान में 40 एम्बुलेंस हैं, जो परिसर में खड़ी रहती है। सभी पेट्रोल-डीजल से संचालित है। कुछ ने टंकी तक दिखाई। दूसरी ओर एम्बुलेंस संघ के अध्यक्ष रमेश मीणा ने 28 एम्बुलेंस खड़ी रहने की बात कही। उन्होंने यह भी स्वीकारा कि कुछ गैस वाली एम्बुलेंस भी हैं। 5 सितम्बर 2016 को तत्कालीन अधीक्षक डॉ तरुण गुप्ता की ओर से जारी निर्देश पर संघ ने अपनी गुमटी लगाना शुरू किया। बताया गया कि उन्हें केवल पांच एम्बुलेंस खड़े रखने की अनुमति है, लेकिन वह 40 से अधिक एम्बुलेंस खड़ी कर रहे हैं। हालांकि दो वर्ष पहले हुए करार के अनुरूप न तो चालक कोई राशि अपनी गुमटी लगाने और न ही एम्बुलेंस खड़ी के लिए चिकित्सालय कोष में दे रहे हैं।