
रेलमगरा. भारतीय किसान संघ तहसील गिलूण्ड की तहसील बैठक रविवार को गिलूण्ड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जवासिया, कुंडीया, गिलूण्ड, कोटड़ी सहित अन्य पंचायतों से किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में हर गांव में ग्राम समिति के गठन, पंचायत प्रभारियों के निर्धारण तथा सदस्यता अभियान के तहत 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया। किसानों ने नीलगाय और जंगली सुअरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाते हुए सर्वे करवाकर फसली मुआवजा देने की मांग की। क्षेत्र में इस वर्ष हो रही अल्पवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का भी सर्वे करवाने की मांग रखी गई। बैठक में मातृकुंडीया बांध के डूब क्षेत्र से प्रभावित किसानों की समस्याओं तथा बांध से उत्पन्न हो रही सीपेज की समस्या का शीघ्र निराकरण करने और प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की गई। वहीं क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से डाले जा रहे जहरीले अपशिष्ट पर संघ सदस्यों ने रोष जताते हुए इस तरह की डंपिंग पर रोक लगाने की मांग रखी। इस अवसर पर रेलमगरा तहसील अध्यक्ष माधवलाल जाट, गिलूण्ड अध्यक्ष अखिलेश चौधरी, कुँवारिया अध्यक्ष शांतिलाल कीर, जिला पर्यावरण मंत्री मोहनलाल प्रजापत, मुकेश चावला, जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा, संभाग प्रतिनिधि गोपाल आचार्य, मातृकुंडीया संघर्ष समिति के मुकेश जाट, आशाराम, माधवलाल सहित कई किसान उपस्थित थे।
Updated on:
05 Sept 2026 04:23 pm
Published on:
25 Aug 2026 06:00 am
