उदयपुर . श्राद्ध पक्ष बीतने और शारदीय नवरात्र आते ही बाजार गुरुवार को फिर खिलखिला उठा। फेस्टिव सीजन का माहौल हर तरफ दिखा। एक ओर जहां नवरात्र के लिए ड्रेसेज व डांडिया की खरीद जोरों पर हुई, तो दूसरी ओर मुहूर्त की खरीदारी का मौका भुनाने के लिए कंपनीज ने भी पूरी तैयारियां कीं। टूव्हीलर व फोर व्हीलर शोरूम संवरे थे, जहां तरह-तरह केमॉडल्स की कतारें दिखीं। हर कम्पनी ने नए लुक, डिजाइन के स्कूटर्स, बाइक व कार लांच की है। बिक्री के साथ दिवाली तक के मुहूर्तों को लेकर बुकिंग शुरू हो चुकी है। ऐसे में अच्छे आगाज के बाद अब व्यापारियों से लेकर ग्राहकों तक को धनतेरस के शुभ मुहूर्त का इंतजार है। हालांकि, नवरात्र के पहले दिन नए वाहनों के साथ पूजा के लिए बोहरा गणेशजी मंदिर के बाहर तांता लगा रहा।