
उदयपुर। ‘शिल्पग्राम उत्सव’ के चौथे दिन रविवार को मुक्ताकाशी मंच विश्व प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना और उनके सिद्धहस्त नृत्यांगनाओं के ग्रुप की शानदार प्रस्तुति दी। प्रिया वेंकटरमन ने न सिर्फ अपनी, बल्कि पूरे ग्रुप की परफोरमेंस को नई ऊंचाइयां प्रदान कर नृत्यांगना के रूप में अपने कद का अहसास करा दिया। नृत्य की लयकारी, ताल और नृत्य की महारत के मेल ने क्लासिकल के जानकार दर्शकों को तो रिझाया। जब प्रिया सहित साथी नृत्यांगनाओं ने ‘तिल्लाना’ यानी 'तराना' की परफोरमेंस दी तो कला प्रेमी उसकी लयबद्धता और सुपर संगत के कायल हो गए।
मोहिनी अट्टम में जया के यशोधरा रूप ने किया अभिभूत
मोहिनी अट्टम की विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना जया प्रभा मेनन ने रविवार को जब सोलो परफॉर्मेंस दी तो यहां शिल्पग्राम उत्सव के दौरान मुक्ताकाशी मंच के हजारों दर्शकों के जेहन में महात्मा गौतम बुद्ध की कहानी उबर आई। अनिध्य रूप-सौंदर्य की प्रतिमूर्ति बनीं जया ने इस नृत्य में बुद्ध की पत्नी यशोधरा की भावनाओं को इतनी खूबसूरती से अपने बेजोड़ अभिनय से उकेरा मानो स्वयं यशोधरा मंच पर उतर आई हो। केरल के इस देवताओं को समर्पित शास्त्रीय नृत्य की गुरु जया प्रभा मेनन की भाव भंगिमाओं, लय और ताल के साथ सुंदर सामंजस्य ने दर्शकों को अभिभूत कर दिया। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने यह नृत्य सजीव गायन यानी लाइव सॉन्ग पर किया। इस प्रस्तुति से पूर्व गणेश वंदना की गई।
Published on:
25 Dec 2023 02:21 pm
