उदयपुर. सुखेर थाना क्षेत्र में सास की हत्या के मामले में पुलिस ने दामाद और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी दामाद ने अपनी नाबालिग पत्नी को ससुराल नहीं भेजने पर आवेश में आकर सास को अपने साथ गांव ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।
थानाधिकारी योगेन्द्र कुमार व्यास ने बताया कि गीता (33) पत्नी पुष्पेन्द्र सिंह निवासी हवा मंगरी सुखेर को उसका दामाद ईश्वर सिंह निवासी आरना केलवा राजसमंद रविवार को अपने साथ अपने गांव लेकर गया था। ईश्वरसिंह की शादी गीता ने अपनी बेटी जान्हवी कुंवर से इसी साल 12 मई को करवाई थी। शादी के दौरान यह तय किया था कि बालिग होने पर ही जान्हवी कुंवर को ससुराल भेजा जाएगा और तब तक वह अपने पीहर में रहकर पढ़ाई करेगी। लेकिन शादी के बाद से ही ईश्वर सिंह लगातार जान्हवी को ससुराल भेजने का दबाव बना रहा था, जबकि गीता उसे नहीं भेज रही थी।