
परीक्षा भर्ती तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर वेटेरनरी कॉलेज के छात्रों ने किया प्रदर्शन
उदयपुर. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 14 अक्टूबर को होने वाली पशुधन सहायक भर्ती परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को वेटरनरी कॉलेज में अध्ययनरत अंतिम वर्ष के छात्र छात्राओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा उपखण्ड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर तिथि को आगे बढ़ाये जाने की मांग की गई। वेटरनरी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बताया कि परीक्षा में 16 हजार आवेदनों में 5 हजार से अधिक अभ्यर्थी अंतिम वर्ष के छात्र हैं जो कि आवेदकों के एक तिहाई है अंतिम सत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा 28 सितंबर को पूर्ण होगी।
इस परीक्षा के पूर्ण होने के करीब 2 माह बाद परीक्षा का परिणाम जारी होगा। पशुधन सहायक भर्ती परीक्षा के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का परिणाम नहीं आएगा जिससे 5 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा से वंचित होकर बाहर हो जाएंगे। विद्यार्थियों के भविष्य व हितों को देखते हुए वेटरनरी कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र छात्राओं ने प्रदर्शन कर भर्ती परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाने के लिए ज्ञापन दिया। इसी बीच विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग को नहीं माने जाने पर उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
Published on:
14 Sept 2018 04:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
