
उदयपुर। लसाडिया थाना क्षेत्र के भरैव के बेड़ावाला फला के नाले में मंगलवार को मिट्टी में दबने से एक दपंत्ती की मौत हो गई। थानाधिकारी हर्षराज सिंह शक्तावत ने बताया कि मंगलवार शाम को नाले में बेड़ावाला फला निवासी मदन लाल (26) पुत्र उदा मीणा व उसकी पत्नी हिरकी मीणा (21) के मिट्टी में दबने की सूचना मिली। इस पर मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को मिट्टी से बाहर निकालकर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के पिता उदा मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
रिपोर्ट में पिता ने बताया कि वह मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। उसका कच्चा मकान होने से मिट्टी लीपने के लिए पुत्र मदनलाल और पुत्रवधू हिरकी दोनों नाले में मिट्टी लेने गए थे। जब वह वापस मजदूरी कर घर लौटा, तब उसके दोनों पोते रो रहे थे। पूछने पर बताया कि मिट्टी लेकर माता-पिता वापस नहीं लौटे। जिस पर वह और उसका भाई नाले में गए। जहां देखा तो वहां चप्पल, गेती, पावड़ा सब बाहर पड़े हुए थे।
मौके से मिट्टी हटाई, तो नीचे दोनों के शव थे। इस पर पुलिस थाना लसाडिया को सूचना दी। वहीं, बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। सूचना पर पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा, लसाड़िया तहसीलदार रामलाल गुर्जर, भरैव पटवारी कपिल मेहता सीएचसी लसाड़िया पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता के लिए आश्वस्त किया।
बता दें, मृतक मदन लाल व हिरकी के दो पुत्र हैं। इनमें एक चार साल का व दूसरा एक साल का है। अब दोनों पोते दादा के सहारे हैं। तहसीलदार ने दोनों बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ने व अन्य सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
Updated on:
19 Jun 2024 06:16 pm
Published on:
19 Jun 2024 06:16 pm
