
थाने पहुंचा किन्नर समाज (पत्रिका फोटो)
Udaipur Transgender Conversion Allegation Case: उदयपुर में किन्नर पायल बाई ने अपने पूर्व ड्राइवर सद्दाम उर्फ पठान पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने और 50 लाख रुपए की अवैध वसूली मांगने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर सोमवार को किन्नर समाज के लोगों ने सूरजपोल थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, सद्दाम उर्फ पठान ने पायल बाई के खिलाफ एसपी कार्यालय में परिवाद पेश किया था। इसमें उसने पायल बाई पर तनख्वाह के पैसे रोकने और मकान दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप लगाए। इस परिवाद के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए पायल बाई को सूरजपोल थाने बुलाया।
पायल बाई अपने समाज के लोगों के साथ थाने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने सद्दाम पर आरोप लगाया कि वह उन पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बना रहा है और 50 लाख रुपए की मांग कर रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
किन्नर समाज की गद्दीपति आरती किन्नर ने कहा कि वह सांवरिया सेठ के यहां से आई हैं। उन्होंने कहा कि पायल बाई काफी दिनों से परेशान हैं और उन्हें एक व्यक्ति की ओर से धर्म परिवर्तन कराने के लिए दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने की शिकायत है। हम हिंदू किन्नर हैं और जन्म से हिंदू हैं। हम हिंदुओं से मांगते आ रहे हैं और इसी से अपना जीवनयापन करते हैं। समाज से मिलने वाली राशि का उपयोग अनाथ आश्रम और गौशाला में किया जाता है।
आरती किन्नर ने कहा कि किसी को ब्लैकमेल करना या जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना गलत है। किन्नर समाज पायल बाई के साथ है। उन्होंने उदयपुरवासियों से भी पायल बाई के समर्थन में खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत है, इसलिए समाज किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं ले रहा है।
उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने तथा पायल बाई को न्याय दिलाने की मांग की। आरती किन्नर ने कहा कि वे एसपी और कलेक्टर कार्यालय भी जाएंगी। सुनवाई नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि वे सनातन धर्म के साथ हैं।
उदयपुर शहर की किन्नर समाज की गद्दीपति पायल बाई ने कहा कि वह पीड़ित होकर सूरजपोल थाने पहुंची हैं। उन्होंने सद्दाम उर्फ पठान, निवासी कांजीपीर, पर परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। पायल बाई के अनुसार, सद्दाम ने करीब चार महीने तक उनकी गाड़ी चलाई थी और उसका भुगतान भी कर दिया गया था। इसके बाद किसी विवाद के चलते दोनों के बीच अनबन हो गई।
पायल बाई ने आरोप लगाया कि सद्दाम पिछले करीब तीन साल से उन्हें परेशान कर रहा है और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे 50 लाख रुपए की मांग की जा रही है। पायल बाई ने कहा कि वह किन्नर समाज से हैं और घर-घर जाकर एक-दो रुपए मांगकर अपना और समाज का गुजारा करती हैं। ऐसे में 50 लाख रुपए देना उनके लिए संभव नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और किशनपोल स्थित उनकी हवेली पर आने-जाने में परेशानी पैदा की जा रही है। प्रतापनगर में मकान बनाने के बाद वहां भी रेकी करने और उनके चेलों को परेशान करने का आरोप लगाया। पायल बाई ने कहा कि डर के कारण पिछले तीन साल से उनके चेले उदयपुर शहर में नहीं आ रहे हैं और वह खुद भी भय के माहौल में रह रही हैं।
पायल बाई ने पुलिस और प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि यदि किन्नर समाज सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पूरे मुस्लिम समाज से कोई शिकायत नहीं है, बल्कि उनका आरोप केवल संबंधित व्यक्ति पर है। पायल बाई ने कहा कि वह हिंदू सनातनी हैं और अपना धर्म परिवर्तन नहीं करेंगी।
Updated on:
05 Oct 2026 06:01 pm
Published on:
05 Oct 2026 05:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
