
demo pic
उदयपुर. सूरजपोल थाना पुलिस ने अशोकनगर मेन रोड स्थित अमृतश्री कॉम्पलेक्स में 5 अगस्त को हुई 7 लाख की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि बदमाश शेयर मार्केट में घाटा होने पर चोर बने। उन्होंने मूवी देखकर वारदात का आइडिया लिया था।
थानाधिकारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि आरोपी देसूरी पाली हाल ठाकुर दाता चौराहा तीतरड़ी निवासी हितेष कुमावत और आसियाना कॉलोनी बिलिया निवासी अमित फिल्ड को गिरफ्तार किया गया। वारदात का खुलासा करने के लिए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने 'टारगेट अशोक नगर' ग्रुप बनाकर विशेष टीम गठित की थी। बताया गया कि मुख्य आरोपी हितेश कुमावत शेयर मार्केट में निवेश करता है। ट्रेडिंग में घाटा होने पर पूर्ति के लिए अटकलें लगाने लगा। रातों रात स्थिति बदलने की सोच में उसने चोरी करना तय किया। इसके लिए हितेश ने 'मनीहाइस्ट' और 'प्रितम एंड पैड्रो' जैसी क्राइम वेब सीरीज देखी। उसके अनुसार वारदात का तरीका सीखा और प्रेक्टिस की।
यह था पूरा मामला
दुर्गा नर्सरी रोड स्थित अमृतश्री कॉम्पलेक्स में कंस्ट्रक्शन ऑफिस चलाने वाले भगवती लाल लोढ़ा ने 5 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि कंस्ट्रक्शन संबंधी कार्य को लेकर भुगतान के लिए राशि रखी थी। आरोपी काले कपड़े पहनकर, नकाबपोश होकर आया। वह आरसीए कॉलेज के खेत के रास्ते पहुंचा था। उसने बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे छिड़कर वारदात को अंजाम दिया।
जुटाए कई जगह के फुटेज
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। वह आरसीए के खेत के रास्ते से आया और उसी से भागा था। फतह स्कूल रोड पर खड़ी कार से आरोपी सवार होकर निकला था। पुलिस ने नम्बर के आधार पर कार मालिक का पता लगाकर पूछताछ की। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी कार से रातभर शहर में घूमते रहे।
15 हजार रुपए सहित बाइक चोरी, सीसीटीवी फुटेज में दिखे चोर
डबोक थाना क्षेत्र में एक युवक ने बाइक चोरी हो गई। उसमें 15 हजार रुपए रखे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीन बदमाश नजर आए, जो बाइक ले भागे। पुलिस ने बताया कि खेमली स्टेशन निवासी सुरेश पुत्र खुमा पूर्बिया ने मामला दर्ज कराया। बताया कि सावरियां भोजनालय सांगवा खेमली से 18 अगस्त दोपहर 3 बजे बाइक चोरी हुई। बाइक के बैग में 15 हजार 750 रूपएपड़े थे।
सूने मकान से लाखों के जेवर व बर्तन चोरी
प्रतापनगर थाना क्षेत्र के विनायक नगर सुन्दरवास स्थित सूने मकान में चोरी हो गई। पुलिस ने बताया कि उत्तरी सुन्दरवास निवासी संपत्त देवी सुवालका ने बेटी के घर चोरी होने की रिपोर्ट दी। बताया कि बेटी वीना सुहालका के घर के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किराएदार ने चोरी की सूचना दी। घर से करीब 7 तोला सोना और चांदी के जेवर के साथ ही कीमती बर्तन चोरी हो गए।
Updated on:
21 Aug 2026 06:17 pm
Published on:
21 Aug 2026 06:17 pm
