मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के चक्रतीर्थ स्थित श्मशान घाट उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां एक युवक के अंतिम संस्कार से एन पहले अचानक पुलिस पहुंची और मुखाग्नि के लिए चिता पर रखे शव पर से लकड़ियां हटाकर उसे अपने साथ ले गई। अचानक हुई इस घटना से अंतिम संस्कार में आया हर कोई हैरान रह गया। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहीं पुलिस जांच में युवक की मौत का जो कारण सामने आया, उसे जानकर हर कोई एक बार फिर दंग रह गया। दरअसल, श्मशान में जो पिता अपने जवान बेटे को आग देने जा रहा था, उसी पिता ने अपने बेटे की चाकू मारकर हत्या की थी।