
,,
उमरिया. सगाई की रात ही युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां 26 जनवरी की रात एक युवती की घर के बाड़े में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। 26 जनवरी को ही दोपहर में युवती की सगाई हुई थी। युवती का कातिल उसका प्रेमी ही है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज होकर उसकी हत्या की थी।
दोपहर में सगाई रात में कत्ल
26 जनवरी को घर में खुशियों का माहौल था। घर में बेटी रंजना (बदला हुआ नाम) उम्र 20 साल की सगाई थी। दोपहर में मेहमानों के बीच धूमधाम से रंजना की सगाई हुई लेकिन सगाई की खुशियां एक दिन भी नहीं टिक सकीं और 26 जनवरी की रात ही खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब रंजना की लाश घर के बाड़े में पड़ी हुई मिली। परिजन ने गांव के ही रहने वाले अनूप सोनी नाम के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी अनूप को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
प्रेमी पर हत्या का आरोप
रंजना (बदला हुआ नाम) के परिजन ने गांव के ही रहने वाले अनूप सोनी पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि अनूप का रंजना से प्रेम संबंध चल रहा था। लेकिन हमने रंजना की शादी कहीं और तय कर दी थी। दोपहर को हुई रंजना की सगाई की बात जब अनूप को पता चली तो वो इसे बर्दाश्त नहीं कर पाया और रात को रंजना को मिलने के लिए घर के बाहर बाड़े में बुलाया और वहीं पर गला दबाकर रंजना की हत्या कर दी। सुबह जब परिजन रंजना को तलाशते हुए बाड़े में पहुंचे तो वहां रंजना की लाश मिली। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजन के आरोपों पर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
देखें वीडियो- भाई की शादी में डांस करते-करते मौत
Published on:
27 Jan 2022, 7:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.