
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिन लोगों ने राम भक्त कारसेवकों पर गोली चलवाई है। वह राम मंदिर का निमंत्रण मांग रहे हैं। सपा सरकार ने 1990 में राम भक्तों को जेल में डाल दिया था। आज जब बीजेपी की सरकार बनी है, तो राम भक्तों को जेल से बाहर ही नहीं किया गया। बल्कि उन पर फूल बरसाने का काम किया गया है। केशव प्रसाद मौर्य सांसद साक्षी महाराज के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि अभी तो यह झांकी है, काफी पिक्चर बाकी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में विपक्ष का प्रत्याशी चाहे अकेले लड़े या फिर गठबंधन की तरफ से जमानत जब्त होना निश्चित है। शीतलहर से ज्यादा राम लहर तेजी है। साथ ही जो राम को लाए हैं, ऐसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर भी है। बोले 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यजमान के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राम विरोधियों को भगवान सद्बुद्धि दे
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि रामलला अपने नए भवन में विराजमान होने जा रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि हमको निमंत्रण मिला है, लेकिन हम नहीं जाएंगे। ऐसे राम विरोधियों को भगवान सद्बुद्धि दे।
अखिलेश यादव को न्योता का इंतजार
अखिलेश यादव कह रहे हैं कि उन्हें न्योता नहीं मिला है। जबकि श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा है कि निमंत्रण भेज दिया गया है। बोले जिन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवाई है, वह भी निमंत्रण मांग रहे हैं। राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी चुनाव के समय राम भक्त बन जाते हैं। लेकिन चुनाव के बाद राम भक्ति राष्ट्र भक्ति सब भूल जाते हैं। कार्यक्रम में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद बृजभूषण सिंह, जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा विधायक पंकज गुप्ता, विधायक श्रीकांत कटियार, बृजेश रावत सहित अन्य नजन मौजूद थे
Published on:
12 Jan 2024, 8:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.