वाराणसी. वो नोटबंदी की घोषणा की सुबह थी और बैंक पर ताला लटका था। मैले कुचैले कपड़ों मे 60 साल की तीर्थराजी वहीं सीढ़ियों पर बैठ देर तक बैंक के खुलने का इंतजार कर रही थी। पास की चाय की दुकान पर बैठे किसी व्यक्ति ने जब काफी देर से उसे बैठे देखा तो पूछा, माई यहां क्यों बैठी हो। उसने अपनी आंचल की गांठ में रखे हजार-हजार के दो नोट निकाले और कहा, इसे जमा करना है। यह सुनकर उस व्यक्ति ने कहा, "ये नोट अब नहीं चलते माई" इतना सुनना था कि तीर्थराजी की आंख से दो आंसू टपके और वहीं गिरकर उसने दम तोड़ दिया। तीर्थराजी की कहानी अकेला मामला नहीं है। नोटबंदी के दौर ने बेहद गरीब पूर्वांचल के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में न जाने कितनी जानें लीं हैं। आज भी बनारस के बुनकर उबर नहीं पाए हैं और कारोबार पहले से अधिक बर्बाद हो चुका है। आलू और प्याज के किसान त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। सीमान्त आदिवासी खेतिहर अपना काम धंधा छोड़ अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं। पूर्वांचल के गरीबों के लिये नोटबंदी एक कभी न खत्म होने वाला दु:स्वप्न साबित हुआ है। भारत सरकार ने आठ नवंबर 2016 में 500 और एक हजार रुपये के नोटों का प्रचलन बंद कर दिया था। नोटबंदी में तीर्थराजी की मौत की खबर ने पूरे देश में लोगों को झकझोर कर रख दिया था।