
AI image (chatgpt)
Model Railway station Kashi: काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए रेल प्रशासन द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। यहां स्थित एक और मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया तेजी पर है। इसको लेकर मस्जिद के बाहर नोटिस चस्पा किया गया है। नोटिस के अनुसार, 20 जून तक इसे खाली करने को कहा गया है, जिसके बाद इस पर प्रशासन का बुलडोजर चलाया जाएगा।
दरअसल, काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर एक मॉडल स्टेशन रूप के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां एक ही स्थान से बस, ट्रेन और हेलीकाप्टर की सुविधा मिलेगी, जिसको लेकर अतिक्रमण की गई जमीन पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई जारी है। इससे पहले काशी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अजगैब शहिद मस्जिद को बुलडोजर की मदद से गिराया गया था। इसके बाद अब गंज शहिदा मस्जिद को गिराने की तैयारी की जा रही है। मस्जिद के बाहर एक नोटिस चस्पा किया गया है, जिसमें 20 जून की तारीख दी गई है।
नोटिस के अनुसार, 20 जून तक मस्जिद को खाली करने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा कि यह नोटिस रेल प्रशासन ने लगाया है और इस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जानी है। नोटिस चस्पा करने के अलावा रेल प्रशासन ने इसकी वीडियो ग्राफी भी कराई है। नोटिस में लिखा है कि यह भूमि रेलवे की संपत्ति है और विकास कार्य के लिए इसे खाली करने की जरूरत है।
रेलवे द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने के बाद जिला प्रशासन अपने स्तर पर इस मामले की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। वहीं, पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखना के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। 20 जून का समय नजदीक आने वाला है, इस वजह से यह चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वहीं, रेलवे प्रशासन जिला प्रशासन के साथ मिलकर परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि राजघाट क्षेत्र में स्थित अजगैब शहिद मस्जिद व मजार, इसके साथ ही हनुमान मंदिर को भी बीते दिनों जिला प्रशासन ने रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर हटवा दिया था। बताया जा रहा है कि आजगैब शहीद मस्जिद 200 साल पुरानी थी, जिसे चंद मिनट में ही जमीनदोज कर दिया गया था। वहीं, अब दूसरी मस्जिद के ऊपर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद यह चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
Updated on:
16 Jun 2026 08:15 am
Published on:
16 Jun 2026 08:15 am
