
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे और बटन दबाकर 1500 करोड़ अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की। कोरोना नियंत्रण के कार्य को भी सराहा। साथ ही विपक्षी दलों पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही है। यहां कानून-कानून का राज है।
1. 'आज यूपी में कानून का राज'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज यूपी में कानून का राज है। माफियाराज और आतंकवाद, जो कभी बेकाबू हो रहे थे, उन पर अब कानून का शिकंजा है। बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर मां-बाप हमेशा जिस तरह डर और आशंकाओं में जीते थे, वो स्थिति भी बदली है।
2. भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही यूपी सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही है। इसीलिए, आज यूपी में जनता की योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है। आज यूपी में नए-नए उद्योगों का निवेश हो रहा है, रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
3. 'केंद्र से पहले भी आता था पैसा, पर लखनऊ से लगता था रोड़ा'
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि 2017 से पहले यूपी के लिए योजनाएं नहीं आती थीं, पैसा नहीं भेजा जाता था! तब भी दिल्ली से इतने ही तेज प्रयास होते थे। लेकिन तब लखनऊ में उनमें रोड़ा लग जाता था। आज सीएम योगी खुद कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
4. यूपी में विकास कार्यों की लिस्ट लंबी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी और पूरे यूपी के विकास के इतने सारे कामों की चर्चा मैं इतनी देर से कर रहा हूं, लेकिन ये लिस्ट इतनी लंबी है कि इतनी जल्दी खत्म नहीं होगी। जब समय का अभाव होता है तो मुझे भी कई बार सोचना पड़ता है कि यूपी के कौन से विकास कार्यों की चर्चा करूं, कौन से कार्यों को छोड़ूं।
5. मेक इन इंडिया के लिए यूपी बन रहा पसंदीदा जगह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश के अग्रणी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। कुछ साल पहले तक जिस यूपी में व्यापार-कारोबार करना मुश्किल माना जाता था, आज मेक इन इंडिया के लिए यूपी पसंदीदा जगह बन रहा है।
6. कृषि मंडियों को मिलेगा विशेष फंड का लाभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में आधुनिक कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जो 1 लाख करोड़ रुपए का विशेष फंड बनाया गया है, उसका लाभ अब हमारी कृषि मंडियों को भी मिलेगा। ये देश की कृषि मंडियों के तंत्र को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की तरफ एक बड़ा कदम है।
7. काशी में आने वाले पर्यटकों की होगी सुविधा
पीएम मोदी ने कहा कि शहर में जगह-जगह लग रही बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन्स और घाटों पर लग रहे टेक्नॉलॉजी से लैस इन्फॉर्मेशन बोर्ड, ये काशी आने वालों की बहुत मदद करेंगे। काशी के इतिहास, वास्तु, शिल्प, कला, ऐसी हर जानकारी को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने वाली ये सुविधाएं श्रद्धालुओं के काफी काम आएंगी। बड़ी स्क्रीन्स के माध्यम से गंगा जी के घाट पर और काशी विश्वनाथ मंदिर में होने वाली आरती का प्रसारण पूरे शहर में संभव हो पाएगा।
8- पीएम मोदी ने बताई आकांक्षा
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी की, मां गंगा की, स्वच्छता और सुंदरता, हम सभी की आकांक्षा भी है और प्राथमिकता भी है। इसके लिए सड़क हो, सीवेज ट्रीटमेंट हो, पार्कों और घाटों का सुंदरीकरण हो, ऐसे हर मोर्चे पर काम हो रहा है।
9. पूर्वांचल का मेडिकल हब बन रही काशी
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी नगरी आज पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है। जिन बीमारियों के इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, उनका इलाज आज काशी में भी उपलब्ध है।
10. कोरोना से निपटने में यूपी के प्रयास उल्लेखनीय
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं। मैं काशी के अपने साथियों का, यहां शासन-प्रशासन से लेकर कोरोना योद्धाओं की संपूर्ण टीम का विशेष रूप से आभारी हूं। आपने दिन-रात जुटकर जिस प्रकार काशी में व्यवस्थाएं खड़ी कीं, वो बहुत बड़ी सेवा है। बीते कुछ महीने हम सभी के लिए बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। कोरोना वायरस के बदले हुए और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था। लेकिन काशी सहित, यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया।
11- Learning आपकी earning रुकनी नहीं चाहिए
पीएम मोदी ने कहा कि नई पीढ़ी के युवाओं का स्किल डवलपमेंट, एक राष्ट्रीय जरूरत है, आत्मनिर्भर भारत का बहुत बड़ा आधार है। बीते 6 वर्षों में जो आधार बना, जो नए संस्थान बने, उसकी पूरी ताकत जोड़कर हमें नए सिरे से स्किल इंडिया मिशन को गति देनी है। आज ये जरूरी है कि Learning आपकी earning के साथ ही रुके नहीं। आज दुनिया में स्किल्स की इतनी डिमांड है कि जो skilled होगा वही Grow करेगा। ये बात व्यक्तियों पर भी लागू होती है, और देश पर भी। उन्होंने कहा कि दुनिया के लिए एक Smart और Skilled Man-power Solutions भारत दे सके, ये हमारे नौजवानों की Skilling Strategy के मूल में होना चाहिए। इसको देखते हुए ग्लोबल स्किल गैप की मैपिंग जो की जा रही है, वो प्रशंसनीय कदम है।
Updated on:
15 Jul 2021, 12:46 PM IST
Published on:
15 Jul 2021, 12:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.