परिसर स्थित आयुर्वेद विभाग के पास रामजतन की चाय व समोसे की दुकान है। दुकान में कुछ वर्ष पहले चोरी हो गयी थी इसके चलते रामजतन अब घर नहीं जाते थे और दुकान पर ही रहते थे। घर से उनके लिए खाना आ जाता था। बीती शाम को रामजतन के लिए घर से खाना आया था और उसके बाद वह दुकान में अकेले थे। खाना खाने के बाद दुकान के बाहर ही चारपाई लगा कर सो गये थे। संभावना जतायी जा रही है कि रात में एक से दो बजे के बीच कुछ बदमाश वहां पर आये होंगे। रामजतन के सिर के नीचे रखी चाबी लेने का प्रयास होगा। रामजतन के विरोध करने पर बदमाशों ने ईट से कूंच कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दुकान के अंदर भी गये थे लेकिन वहां पर रखे दो हजार के सिक्के अपने साथ नहीं ले गये। दूसरी तरफ परिसर में इस बात की भी चर्चा है कि बीती देर रात कुछ युवक वहां पहुंचे थे और शराब पीने के लिए नमकीन देने को कहा। रामजतन ने जब नमकीन नहीं दिया तो युवकों ने उनकी हत्या कर दी। हत्या की जानकारी पुलिस को हुई तो मौके की पड़ताल शुरू की। पुलिस को मौके से शराब की दो शीशी भी बरामद हुई है। हत्या की सूचना पर एसपी सिटी दिनेश सिंह व फोरेंसिक टीम के लोग भी पहुंचे थे जिन्होंने भी घटनास्थल की जांच की।
यह भी पढ़े:-27 साल से पुलिस पांच रुपये में इन लोगों को खिला रही थी खाना