चुनार कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-मिर्जापुर बॉर्डर पर स्थित नंदूपुर रुदौली गांव में एक साथ तीन शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। तीनों शव चार पहिया वाहन के कवर से ढके हुए थे। शवों के चेहरे पर किसी धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई गई है कि किसी ने तीनों को बुरी तरह मारकर बाहर लाकर फेंक दिया है। पुलिस ने तीनों शव की तहकीकात की। पुलिस निरीक्षक गोपाल गुप्ता ने कहा कि हत्या के बाद तीनों शव सड़क किनारे फेंका गया है। एक की जेब से 315 बोर की एक जिंदा कारतूस पाई गई। दूसरे की जेब से डायरी व डीएल पाया गया। इसी के आधार पर शव की शिनाख्त हो सकी। सभी के बिहार के रोहतास से संबंधित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के गोडारी गांव का निवासी है, जिसका नाम राजकुमार यादव था।