कैंट थाना क्षेत्र के मढ़वा में दिव्यांग पान विक्रेता दिलीप पटेल की हत्या के बाद से एक लाख का इनामी झुन्ना पंडित अपनी गैंग के साथ फरार हो गया था। पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम लगातार झुन्ना गैंग को पकडऩे में जुटी हुई थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि झुन्ना पंडित अपने गिरोह के साथ लालपुर क्षेत्र में किसी से रंगदारी का पैसा लेने आ रहा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच व कैंट पुलिस ने लालपुर के रिंग रोड के पास नाकेबंदी कर ली। पुलिस ने देखा कि कुछ बाइक पर सवार होकर कुछ युवक आ रहे हैं। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली चला दी। एक गोली पुलिस के बुलेटप्रूफ जैकेट में जाकर लगी। इसके बाद पुलिस ने भी बदमाशों पर फायरिंग शुरू कर दी। काफी देर तक दोनों तरफ से गोली चलती रही। बाद में जब बदमाशों की तरफ से फायरिंग बंद हुई तो पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि दो बदमाश घायल हो गये हैं। दोनों बदमाशों ने अपना नाम 15 हजार के इनामी शैलेश पटेल व 25 हजार का इनामी दीपक राजभर बताया। जबकि एक लाख का इनामी झुन्ना पंडित अपने अन्य साथियों के साथ भागने में कामयाब रहा। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में दबिश डाल रही है। एनकाउंटर में घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े:-देखिये हत्या का वीडियो, यह इनामी बदमाश चला रहा ऐसे गोली