
वाराणसी एयरपोर्ट (फाइल फोटो) Pc-Vijendra Mishra
Varanasi Airport news: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया जब मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट के पायलट ने अचानक विमान उड़ाने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि पायलट ने उसकी तबीयत खराब होने का हवाला दिया, जिसके बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा करना शुरू कार दिया। बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6544 वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर मुंबई जाने वाली थी। हालांकि, उस दौरान बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी और इसकी तैयारी की जा रही थी।
मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बोर्डिंग से पहले पायलट ने विमान को उड़ाने से मना कर दिया। सभी यात्री टर्मिनल बिल्डिंग के सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में अपनी बोर्डिंग का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों की सुरक्षा जांच भी पूरी हो गई थी। इसी दौरान यात्रियों को यह सूचना मिली कि पायलट की तबीयत खराब है और उसने विमान उड़ाने से मना कर दिया है। अचानक जानकारी सामने आने के बाद यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। अचानक इस तरह की जानकारी सामने आने के बाद सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में मौजूद सभी यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने परिसर में ही हंगामा करना शुरू कर दिया।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि इंडिगो की ओर से किसी भी प्रकार की पूर्व में इस तरह की सूचना नहीं दी गई थी और आखिरी समय में इस तरह की जानकारी सामने आने के बाद उनका पूरा शेड्यूल ही बिगड़ गया है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, जिस पायलट को इस विमान को उड़ाना था, उसकी ड्यूटी का समय पूरा हो चुका था और वह नियम के मुताबिक विश्राम करना चाह रहा था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी रोस्टर और इंडिगो प्रबंधन के बीच समन्वय की कमी के कारण इस तरह के हालात वाराणसी एयरपोर्ट पर उत्पन्न हुए।
एयरपोर्ट परिसर में हुए हंगामे के बाद इंडिगो प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए हरकत में आ गया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एयरलाइन के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कवायत शुरू कर दी है। एयरलाइन अधिकारियों ने वैकल्पिक क्रू मेंबर या वैकल्पिक व्यवस्था करना शुरू कर दिया है। उधर यात्री इस सूचना के बाद परेशान नजर आ रहे हैं। बता दें कि इस फ्लाइट को सुबह 10:45 बजे उड़ान भरना था, लेकिन अब इसे रीशेड्यूल कर दिया गया है। अब यह विमान दोपहर 2 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरेगा।
Updated on:
10 Sept 2026 01:44 pm
Published on:
10 Sept 2026 01:19 pm
