
फाइल फोटो, Pc-Patrika
LBS Airport Varanasi: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को आजमगढ़ के रहने वाले और शिवसेना नेता कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सबक लिया है। बताया जा रहा है कि अब लाइसेंसी शस्त्रों की स्क्रीनिंग के लिए एक अलग कमरे की स्थापना की जाएगी और उसी में सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए शस्त्रों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इस घटना के बाद अधिकारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
शिवसेना नेता और मुंबई के पूर्व पार्षद कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से रविवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर हुई फायरिंग और उसमें घायल हुए दो लोगों की घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन सजग हो गया है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट की ग्राउंड हैंडलिंग करने वाली एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड एलिट सर्विसेज कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने एयरपोर्ट निर्देशक पुनीत गुप्ता के साथ बैठक कर जरूरी फैसले लिए हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में सुरक्षा से लेकर एयरपोर्ट के विस्तार तक की बात पर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अब निर्णय लिया है कि लाइसेंसी शस्त्रों की जांच के लिए एक अलग से आइसोलेशन रूम की स्थापना की जाएगी। इस आइसोलेशन कक्ष में सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए शस्त्रों की स्क्रीनिंग होगी। इसके साथ ही नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा बनाई गई गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाएगा। गोली चलने की घटना से सबक लेते हुए एयरपोर्ट प्रशासन अब किसी भी तरह की चूक नहीं होने देना चाहता।
दरअसल, कमलेश राय अपने लाइसेंसी पिस्टल के साथ रविवार को मुंबई जाने के लिए अपनी पत्नी संग एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान स्क्रीनिंग के समय उनके पिस्टल से गोली चल गई। गोली चलने की घटना में दो कर्मचारी घायल हुए थे, जिन्हें आनन फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि कमलेश राय अपने साथ 22 कारतूस लेकर पहुंचे थे। गोली चलने की इस घटना के बाद से एयरपोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया था। हालांकि, दोनों कर्मचारी मामूली रूप से ही घायल हुए थे। एयरपोर्ट पर अचानक हुई इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई थी। वहीं, एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने शुरू हो गए थे।
Updated on:
18 Aug 2026 02:49 pm
Published on:
18 Aug 2026 02:48 pm
