बरेली। एक तरफ जहां केंद्र सरकार बच्चियों से रेप के मामले के कड़ा कानून बनाने जा रही हैं वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार में मंत्री और बरेली के सांसद संतोष गंगवार ने रेप को लेकर बेतुका बयान दिया है। बरेली में पत्रकारों से बात करते हुए सन्तोष गंगवार ने कहा कि इतने बड़े देश में एक दो घटनाएं हो जाएं तो उसका बतंगड़ बनाना उचित नहीं है। संतोष गंगवार यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को कभी कभी रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण स्थति में होती हैं और सरकार इस पर उचित कदम उठा रही है।
आज पूरे देश में रेप की घटनाओं को लेकर हंगामा मचा हुआ है और विपक्ष इन घटनाओं को लेकर सरकार पर हमलावर है ऐसे में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से कठुआ और उन्नाव की घटनाओं को लेकर सवाल पूछा गया था जिसके जवाब में संतोष गंगवार ने कहा कि एक दो घटनाओं पर इस तरह का बतंगड़ बनाना उचित नहीं है सरकार इस दिशा में काम कर रही है।