
जयपुर। टीएसपी क्षेत्र में लगे शिक्षकों ने अपने गृह जिलों में जाने के लिए नॉन टीएसपी क्षेत्र में तबादले करने की सरकार से मांग की है। टीएसपी से नॉन टीएसपी क्षेत्र में तबादलों की मांग को लेकर आज टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत शिक्षक परिवार सहित विधानसभा के सामने धरना देने पहुंचे। संभवतया ऐसी पहली बार हो रहा है जब शिक्षक अपने परिवार के साथ बच्चों को लेकर धरना देने आए हैं। उनका कहना है कि इससे सरकार का ध्यान आकर्षण होगा। किसी के साथ उनके पत्नी बच्चे आए तो कोई अपने बुजुर्ग माता—पिता के साथ पहुंचा।
शिक्षकों का कहना है कि अन्य विभागों में भी टीएसपी से नॉन टीएसपी क्षेत्र में तबादले किए गए हैं, उसी आधार पर उनके भी करने चाहिए। नॉन टीएसपी शिक्षक संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में शिक्षा राज्यमंत्री ने टीएसपी से नॉन टीएसपी में तबादले करने की बात कही थी, लेकिन अब तबादले हो नहीं रहे हैं। जबकि अन्य विभागों में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि तबादलों की मांग को लेकर कर शिक्षक विधानसभा टी प्वॉइंट पर परिवार सहित आज एक दिवसीय धरना दे रहे हैं। सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो आंदोलन के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अखिल राजस्थान संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले शिक्षक धरना देने पहुंचे। महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि नॉन टीएसपी क्षेत्र के रहने वाले शिक्षकों को सरकार को राहत देते हुए टीएसपी क्षेत्र से उनके तबादले करने चाहिए।