
जोधपुर. पाल रोड पर बरकतुल्लाह खां स्टेडियम के सामने शिवाजी मार्ग चौराहे पर मोपेड सवार नगर निगम के कर्मचारी को टक्कर मार कर एसयूवी के बीच फंसाकर गम्भीर घायल करने वाली कार महिला बाग जिला अस्पताल का चिकित्सक चला रहा था। देवनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को चिकित्सक को गिरफ्तार करने के बाद जमानत मुचलके पर छोड़ा और कार जब्त की। पुलिस ने बताया कि शिवाजी मार्ग चौराहे पर सोमवार दोपहर रोड क्रॉस कर रही कार ने ने मोपेड सवार निगमकर्मी श्यासुंदर वाल्मीकि को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड सवार मोपेड सहित एसयूवी से टकराने के बाद दोनों वाहनों के बीच फंस गया।
एक पांव में दो फ्रैक्चर सिर में चोट आने के बाद वाल्मीकि को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने मंगलवार को उसके बयान लिए। कार के पंजीयन नम्बर के आधार पर पता चला कि कार महिला बाग चिकित्सालय में चिकित्सक किशन राठी की थी और हादसे के समय वे ही कार चला रहे थे। पुलिस ने कार जब्त कर लापरवाही से वाहन चलाकर निगमकर्मी को घायल करने के आरोप में चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के बाद उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में चिकित्सक ने मोबाइल पर बातचीत करते हुए कार चलाने से इनकार किया है। उसने बताया कि हादसे के समय उसका ध्यान दूसरी दिशा में आ रहे एक वाहन की तरफ था। जिसके चलते हादसा हो गया।