
जोधपुर . रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को जोधपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। जोधपुर शहर और देहात जिला भाजपा की ओर से आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित किया। मोदी सरकार के चार साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व सांसद गजसिंह ने की। प्रबुद्धजन सम्मेलन में मंत्री गोयल ने जीएसटी की विशेषताएं बताते हुए कहा कि जीएसटी लागू करना केन्द्र सरकार के लिए एक उपलब्धि है। देशभर में जीएसटी लागू करना एक सफल प्रयोग रहा। जीएसटी से अप्रेल माह में ही 94 हजार करोड़ का राजस्व अर्जित किया। व्यापारियों को जीएसटी से होने वाली असुविधाओं को दूर करने के लिए जीएसटी की टीमें 15 – 15 दिन अलग अलग शहर में घुम कर जीएसटी की दुविधाएं दूर करने पर कार्य करेंगी। वहीं दस लाख से कम रिर्टन पर सेल्फ सर्टिफिकेट देना होगा, रिर्टन दस लाख से ज्यादा का होता है तो रिर्टन के लिए सीए से सर्टिफिकेट लेना होगा। केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही मंत्री गोयल ने कांग्रेस व राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। कांग्रेस पर तंज कसते हुए गोयल ने कहा कि तीन पीढ़ी तक देश पर राज कर चुकी है लेकिन दिया कुछ नहीं। चौथी पीढ़ी सपना ही देख रही हैं।
पत्रकार वार्ता में भी गिनाई सरकार की उपलब्धियां
मंत्री गोयल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के लिए वे यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि जब मोदी सरकार सत्ता में आई थी तब देश की आर्थिक स्थिति सही नहीं थी। उस दौर में महंगाई लगातार बढ़ रही थी। मोदी सरकार ने इस संबंध में खासे कार्य किए हैं। ब्याज की दरें ज्यादा थीं। उसे कंट्रोल किया है। केंद्र और राज्य सरकार बड़े उत्साह से राजस्थान को आगे बढ़ाने में लगी है। जोधपुर में पर्यटन उद्योग महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसके विकास के लिए सरकार हमेशा प्रयासरत रही है। नोटबंदी के संबंध में कहा कि इससे काले धन पर कड़ा प्रहार हुआ और कई ऐसे कानून लागू किए जिससे कानूनी व्यवस्था पटरी पर आई। बालिका सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार ने कानून को कड़ा किया है। जीएसटी टैक्स के बारे में उन्होंने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता हुई है। एक टैक्स लाने का साहसी कदम भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा है। पीएम मोदी चाहते थे कि एक ऐसा टैक्स हो जिससे आम आदमी को यह पता रहे कि उसका टैक्स कहां जा रहा है। कई योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने आमजन को राहत पहुंचाई है। विश्व आज भारत को अलग नजरिए से देख रहा है। भारत की छवि विश्वभर में छा रही है। सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से भारतीय सीमाओं की सुरक्षा बड़ी है।
इन कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
गोयल रात 8.15 भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से जोधपुर-बांद्रा हमसफर एक्सप्रेस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।