1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ललितपुर
पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने चलाई अपने भाई पर गोली, मौके से हुआ फरार
Play video

पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने चलाई अपने भाई पर गोली, मौके से हुआ फरार

गोली चलने वाले स्थान पर लोगों का जमावड़ा लग गया।

Google source verification

ललितपुर. बुधवार को शहर के पॉश इलाके में गोली चलने की आवाज से सनसनी फैल गई। गोली चलने वाले स्थान पर लोगों का जमावड़ा लग गया। आनन-फानन में कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। किसी की समझ में कुछ नहीं आ रहा था कि आखिर गोली क्यों चली और किसने चलाई। जैसे ही कोतवाली पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली, वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के पॉश इलाके मवेशी बाजार का है।

पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने भाई पर चलाई गोली-

प्राप्त जानकारी के अनुसार मवेशी बाजार निवासी पूर्व सपा जिला अध्यक्ष आला प्रसाद निरंजन के भवन निर्माण का काम चल रहा था। वहीं उनके भाई कैलाश निरंजन का भी प्लॉट था। मकान बनाने को लेकर दोनों भाइयों में पूर्व से ही विवाद चल रहा था। आज यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच गाली गलौज की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी विवाद के चलते पूर्व सपा जिला अध्यक्ष आला प्रसाद निरंजन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अपने भाई कैलाश निरंजन तथा उनके पुत्र विवेक निरंजन पर फायर कर दिया, हालांकि दोनों बाप-बेटे बाल-बाल बच गए।

घटना सीसीटीवी में कैद-

फायर करने के बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख आला प्रसाद निरंजन मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना कैलाश निरंजन ने सदर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु गौरब सदर कोतवाली प्रभारी निग्वेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकलवा कर जांच के लिए भेज दिए हैं।

संपत्ति बंटवारे का चल रहा था विवाद-
इस मामले में पीड़ित कैलाश निरंजन का कहना है कि हम और हमारे भाई के बीच पिछले 9 साल से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है । और हाल ही में वह जो मकान बना रहे थे उसमें हमारी जमीन का कुछ हिस्सा जा रहा था। जब हमने उन्हें दीवार हटाने के लिए कहा तो गुस्से में आ गये और गाली गलौज करने लगे तथा अपनी लाइसेंसी बंदूक से हमारे और हमारे बेटे के ऊपर फायर कर दिया। वह तो गनीमत यह रही कि वह गोली हमें नहीं लगी।

पुलिस ने कहा यह-

इस मामले में पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो भाइयों के विवाद में गोली चली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उक्त मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ।